उदयपुर । भारत सरकार के सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत आयकर विभाग उदयपुर की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पानेरियों की मादड़ी में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर निबंध लेखन एवं चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इसमें कक्षा 11वीं और 12वीं के 80 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मुख्य आयकर आयुक्त के तत्वावधान में तथा प्रधान आयकर आयुक्त उदयपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में अपर आयकर आयुक्त रेंज-2, उदयपुर भेरा राम चौधरी ने प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।इस अवसर पर भेरा राम चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने राष्ट्र निर्माण में आयकर की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कर से प्राप्त राजस्व देश के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने, कर अनुपालन के प्रति जागरूक रहने तथा देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में आयकर उपायुक्त अजय अग्रवाल एवं आयकर अधिकारी, वार्ड 2(1), राजीव कुमार उपस्थित रहे।
