उदयपुर । देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस तथा भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती की पूर्व संध्या पर पटेल सर्किल स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक कर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता श्री पंकज कुमार शर्मा ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि आज का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम एक ओर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाली श्रीमती इंदिरा गांधी के बलिदान को नमन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राष्ट्र की एकता के सूत्रधार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी ने राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और गरिमा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रभक्ति ने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त पहचान दिलाई। उनका अमर बलिदान हमें सदैव यह प्रेरणा देता रहेगा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया और अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया। उनकी दूरदर्शिता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे में निहित है। राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर अशोक तम्बोली, फिरोज अहमद शेख, नितेश गहलोत्, समस्तदीन, भव्य, राजकुमार, प्रियांशु, आयुष, विक्रम, आशीष, भुवनेश सियाग, भुवनेश कोटेड, गोरखा, विकास, महेन्द्र दीक्षित सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
