16 नवंबर 2026 को प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. पुष्पा जी कोठारी के सानिध्य में विज्ञान समिति प्रांगण में बड़े ही धूमधाम से दिवाली स्नेह मिलन समारोह मनाया गया।
मीडिया प्रभारी प्रोफ़ेसर विमल शर्मा ने बताया की कार्यक्रम में डॉ के एल कोठारी , डॉ के पी तलेसरा, प्रकाश तातेड, डॉ के एल तोतावत आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 180 महिलाएँ रंग-बिरंगे राजस्थानी पहनावे में सदन में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत माता लक्ष्मी के समक्ष दीप जलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करके की गई। इसके पश्चात माँ लक्ष्मी जी की आरती से पूरा सदन आध्यात्मिकता के रंग में भाव-विभोर हो गया।
वरिष्ठ महिला क्लब की संयोजिका डॉ. पुष्पा कोठारी, अध्यक्ष कंचन सोनी तथा संगीता भाणावत द्वारा सभी मेहमानों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
तत्पश्चात रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें वरिष्ठ एवं नवाचार ग्रुप की ओर से एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य तथा सामूहिक गीत की प्रस्तुतियाँ बहुत ही मनमोहक ढंग से दी गईं। कार्यक्रम के बीच-बीच संचालक द्वारा दीपावली के उपलक्ष्य में रामायण से संबंधित कुछ प्रश्न भी पूछे गए, जिनके उत्तर बहनों ने बहुत ही सुंदर ढंग से दिए। उत्तर देने वाली बहनों को मेहमानों की ओर से पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मंजू सरूपरिया द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन नवाचार की अध्यक्ष संगीता भाणावत द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की गई। तत्पश्चात संस्था की ओर से सभी के लिए स्वादिष्ट भोज का आयोजन किया गया।
