उदयपुर, जनहित और राष्ट्रहित में निःस्वार्थ सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने की दिशा में जीवोत्थान उदयपुर की ओर से लोक विधिक सेवा हेल्पलाइन का शुभारंभ किया गया। 16 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में न्यायाधीश महेंद्र सिंह सिसोदिया ने हेल्पलाइन का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर संस्थान के संरक्षक महर्षि डॉ. (मा.) यादवेन्द्र द्विवेदी ने न्यायाधीश महेंद्र सिंह सिसोदिया का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
डॉ. द्विवेदी ने कहा कि संस्थान द्वारा निःशुल्क, निःस्वार्थ एवं स्वयं पोषित आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में जनहितकारी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। लोक विधिक सेवा हेल्पलाइन की शुरुआत से इन बहुआयामी सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के व्यापक हित में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
हेल्पलाइन के माध्यम से उपलब्ध होंगी सेवाएं
लोक विधिक सेवा हेल्पलाइन की सेवाएं मोबाइल नंबर 9413287085 पर उपलब्ध रहेंगी। इच्छुक नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर संस्थान की ओर से संचालित सेवाओं के संबंध में जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
न्यायाधीश महेंद्र सिंह सिसोदिया ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्थान को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. द्विवेदी भविष्य में भी अपनी क्षमता एवं सामर्थ्य के अनुरूप समाज और राष्ट्रहित में निरंतर सेवाएं प्रदान करते रहेंगे।
कार्यक्रम में लोक विधिक सेवा हेल्पलाइन को सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
