मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 30 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

गुलाब बाग के पास बनी पार्किंग को कोर्ट स्टे से मुक्त कर जल्द शुरू करवाने की मांग

पूर्व पार्षद राशिद खान, पार्षद रोहित मेघवाल एवं वार्डवासियों के संयुक्त तत्वावधान में महापौर को सौंपा मांग-पत्र

WAf𝕏TGin✉🖨
गुलाब बाग के पास बनी पार्किंग को कोर्ट स्टे से मुक्त कर जल्द शुरू करवाने की मांग

उदयपुर। वार्ड 30 किशनपोल, गुलाब बाग के पास नगर निगम द्वारा निर्मित पार्किंग भवन को कोर्ट स्टे के कारण लंबे समय से शुरू नहीं किए जाने को लेकर पूर्व पार्षद राशिद खान, पार्षद रोहित मेघवाल एवं वार्डवासियों के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम महापौर से पार्किंग को जल्द शुरू करवाने की मांग की गई।

मांग-पत्र में बताया गया कि पार्किंग भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा नगर निगम द्वारा इस परियोजना पर पूरी राशि खर्च की जा चुकी है। भवन मजबूत एवं उपयोग के लिए तैयार होने के बावजूद न्यायालयीन स्थगन के कारण इसका लाभ आमजन को नहीं मिल पा रहा है।

गुलाब बाग शहर का महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र है। यहां पार्किंग शुरू होने से आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुविधा मिलने में मदद मिल सकती है।

साथ ही पार्किंग के संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। लंबे समय से खाली पड़े परिसर में नियमित गतिविधि एवं रखरखाव शुरू होने से सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ झाड़ियों और सफाई के अभाव से आसपास के निवासियों को होने वाली सांप एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं की समस्या से भी राहत मिल सकती है।

पूर्व पार्षद राशिद खान, कांग्रेस के पूर्व पार्षद फिरोज अहमद शेख, पार्षद रोहित मेघवाल एवं वार्डवासियों ने महापौर से मांग की कि नगर निगम की ओर से न्यायालय में प्रभावी एवं मजबूत कानूनी पैरवी करवाकर कोर्ट स्टे के निराकरण की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाएं, ताकि वार्ड 30 किशनपोल, गुलाब बाग के पास निर्मित पार्किंग को जल्द से जल्द जनता के उपयोग में लाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से तैयार की गई नगर निगम की संपत्ति लंबे समय तक अनुपयोगी पड़ी रहने के बजाय उसका उपयोग जनहित में होना चाहिए। पार्किंग शुरू होने से यातायात, पर्यटन, रोजगार, सुरक्षा एवं क्षेत्र के विकास को लाभ मिल सकता है। यह जानकारी कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता एवं पूर्व पार्षद फिरोज में शेख ने दी।