उदयपुर । पंचायती राज चुनाव - 2026 के प्रथम चरण का आगाज गुरूवार से होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में टीम उदयपुर निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद है।पंचायतीराज चुनाव कार्यक्रम के तहत गुरूवार को प्रथम चरण की अधिसूचना जारी होगी।
इसके साथ ही जिला परिषद सदस्यों एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। उदयपुर जिले में कुल 20 पंचायत समितियों की 590 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रस्तावित हैं।
प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इस चरण में 826 मतदान केंद्र रहेंगे।
इनमें झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ शामिल हैं। प्रथम चरण की अधिसूचना 8 अक्टूबर, गुरुवार को जारी होगी।
नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर, मंगलवार तीन बजे तक, नामांकन पत्रों की संवीक्षा की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर, गुरुवार, नाम वापसी की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर, गुरुवार अपराह्न तीन बजे तक, चुनाव चिह्न का आवंटन 15 अक्टूबर, गुरुवार, मतदान 22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक तथा मतगणना 20 नवंबर शुक्रवार को होगी।
प्रथम चरण में पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन 23 अक्टूबर को तथा मतदान एवं मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।