उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के सेवातीर्थ स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम में संत कबीर के दोहों और जीवन प्रसंगों के माध्यम से जीवन की महत्वपूर्ण सीख दी गई।
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कबीर की 21 शिक्षाओं का सरल अर्थ समझाते हुए कहा कि मनुष्य की पहचान उसके पद, प्रतिष्ठा या वेशभूषा से नहीं, बल्कि उसके विचारों और कर्मों से होती है।
कबीर का दर्शन हमें अहंकार छोड़कर प्रेम, सत्य और करुणा अपनाने की प्रेरणा देता है।
अग्रवाल ने कथनी और करनी का अंतर बताते हुए कबीर के दोहे ‘कथनी मीठी खाँड़ सी, करनी विष की लोय’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मीठी बातें करने से अधिक जरूरी अच्छे कर्म करना है। केवल सिर मुंडाने, माला फेरने या साधु का वेश धारण करने से कोई सच्चा भक्त नहीं बनता। इसके लिए मन का निर्मल होना और व्यवहार में अच्छाई जरूरी है।
प्रेम और दूसरों के दुख को समझने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जिस मन में प्रेम और करुणा नहीं, वह जीवन अधूरा है। सच्चा संत वही है जो दूसरों की पीड़ा समझे और जरूरतमंद की मदद करे। ‘दुर्बल को न सताइए’ और ‘तिनका कबहुँ न निंदिए’ जैसे दोहों के माध्यम से उन्होंने समझाया कि किसी कमजोर व्यक्ति को छोटा नहीं समझना चाहिए। मनुष्य की महानता ऊँचे कुल में जन्म लेने से नहीं, बल्कि अच्छे कर्मों से तय होती है।
सत्य और ईमानदारी का महत्व बताते हुए उन्होंने ‘साँच बराबर तप नहीं’ तथा ‘कबीर आप ठगाइए, और न ठगिए कोय’ दोहों का भाव समझाया। उन्होंने कहा कि दूसरों को धोखा देने के बजाय स्वयं नुकसान सह लेना बेहतर है। दान, परोपकार, गुरु के प्रति श्रद्धा, अच्छी संगति और क्षमा जैसे गुण जीवन को बेहतर बनाते हैं।
काशी और मगहर से जुड़ी कथा के माध्यम से बताया गया कि कबीर ने मोक्ष के लिए किसी विशेष स्थान को जरूरी मानने की धारणा को चुनौती दी और मगहर में अंतिम समय बिताया। उनके देहावसान के बाद हिंदू और मुस्लिम अनुयायियों के बीच अंतिम संस्कार को लेकर हुए मतभेद और चादर के नीचे शरीर के स्थान पर फूल मिलने की लोक प्रचलित कथा के माध्यम से धार्मिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया।
अग्रवाल ने कहा कि कबीर की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उनका जीवन सिखाता है कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। दूसरों के प्रति संवेदनशीलता, अच्छे कर्म और मानवता की सेवा ही सच्ची भक्ति है। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं और दिव्यांगजनों से संवाद भी किया गया।
