उदयपुर। लेकसिटी के आरसीए मैदान में 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा 'सांसद स्वदेशी इंडस्ट्रीयल एक्सपो' महज एक खरीदारी का व्यापारिक मेला नहीं, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों के लिए 'उद्यमिता की पाठशाला' बनने जा रहा है।
यहाँ छोटे स्तर के गृह उद्योग से लेकर विशाल टर्नओवर वाले हाई-टेक उद्योगों के लाइव मॉडल्स और एक्सपर्ट्स एक ही छत के नीचे मौजूद रहेंगे।सांसद स्वदेशी इंडस्ट्रीयल एक्सपो के संयोजक मनोज जोशी ने बताया कि अक्सर नया कारोबार या स्टार्टअप शुरू करने से पहले युवाओं के मन में ब्रांडिंग, मार्केट रिसर्च, फाइनेंस और नेटवर्क को लेकर कई सवाल होते हैं।
यह एक्सपो उन्हीं सवालों का व्यावहारिक जवाब लेकर आ रहा है। यहाँ युवा सीधे अनुभवी उद्यमियों से संवाद कर सकेंगे, बाज़ार की ज़रूरतों को समझ सकेंगे और अपने पहले बिजनेस मॉडल का खाका तैयार कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के मंत्र ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ की अवधारणा को केंद्र में रखकर उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के दिशा—निर्देशन में होने जा रहा यह एक्सपो पारंपरिक भारतीय कौशल से लेकर आधुनिक तकनीक, आयुष, कृषि, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर और होटल इंडस्ट्री तक हर व्यवसाय के हर पहलू से रूबरू होने का यह अनूठा मंच साबित होगा।तीन भव्य डोम: इतिहास, प्रेरणा और महिला सशक्तीकरणप्रवक्ता डॉ. अवनीश व्यास ने बताया कि एक्सपो में प्रवेश करते ही युवाओं को भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का भी मौका मिलेगा।
एक्सपो में तीन प्रमुख डोम बनाए गए हैं, जिन्हें जयपुर और दिल्ली से आए कुशल कारीगरों ने बेहद आकर्षक लुक दिया जा रहा है। कुंभा सभागार डोम मेवाड़ की वीरगाथा और निर्माण कला का प्रतीक रहेगा।
भामाशाह डोम दानवीरता और व्यापारिक निष्ठा की प्रेरणा देगा तो अहिल्याबाई डोम महिला उद्यमिता और सशक्तीकरण को समर्पित रहेगा, जहाँ महिला स्टार्टअप्स और उनके योगदान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
एक्सपो की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। स्वच्छ भारत अभियान की विशेष झांकी और स्टॉल्स की भव्य डिजाइन हर किसी का मन मोह लेगी।
इसके लिए जयपुर—दिल्ली से आए हुए कारीगर लगे हुए हैं।तीन दिन होंगे विशेष आयोजन, रहेगा युवाओं का जुड़ावएक्सपो के प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि एक्सपो के तीनों दिन युवाओं और आमजन के लिए विशेष संदेशपरक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
3 अक्टूबर को सड़क सुरक्षा व नागरिक जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इसके जरिये युवाओं में यातायात नियमों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति चेतना जगाई जाएगी।
4 अक्टूबर को आर्ट एवं सोशल अवेयरनेस कार्यक्रम होगा। इसके तहत 'अर्बन स्केचर' समूह कैनवास और पेंटिंग के जरिये सामाजिक जागरूकता का संदेश देगा।
5 अक्टूबर को वर्ल्ड आर्किटेक्चर डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र 'विरासत भी—विकास भी' विषय पर देश के जाने-माने विशेषज्ञों के साथ विशेष परिचर्चा होगी।
