उदयपुर। भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा साकरोदा के मार्गदर्शन में गुरुवार को साकरोदा में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन कर ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता ही सेवा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन खाता योजना, बचत खातों को सक्रिय रखने, खातों में नामांकन दर्ज करवाने, साइबर ठगी से बचाव, बीमा दावा प्रक्रिया तथा बचत खातों के दुरुपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संदेश दिया गया।कार्यक्रम में राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सिद्धांत मिश्रा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीमा योजनाओं को अपनाकर वे स्वयं और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
नाबार्ड के जिला प्रबंधक नीरज यादव ने वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों में नाबार्ड की ओर से हर संभव सहयोग देने की बात कही।
वहीं, हनुमान वन विकास समिति के अध्यक्ष राज किरण यादव ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को नए रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर लीड बैंक के हेमराज एवं नवीन, क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय उदयपुर के एसएमओ बलदेव सिंह जोधा तथा एफआई मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।मृतक खाताधारक के परिवार को मिला दो लाख रुपये का बीमा लाभकार्यक्रम के दौरान राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा साकरोदा के मृतक खाताधारक के उत्तराधिकारी कन्हैया लाल मीना को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।
इस पहल के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व और संकट के समय परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं यशोदा, ममता, सोना, गणेशा, रीना, प्रियंका, वर्षा, रेणु, पूजा, तारा एवं अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
इसके अलावा हनुमान वन विकास समिति के प्रेम, लक्ष्मी लाल, दूल्हे राम एवं शंभू, बैंक शाखा प्रबंधक सुशीला, बैंक बीसी शैलेन्द्र सिंह, वुमन वर्ल्ड बैंकिंग के कार्यकर्ता भारत सिंह राठौड़ तथा पूर्व वित्तीय साक्षरता समन्वयक अतीक अहमद आदि उपस्थित रहे।
