उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने आबकारी मुख्यालय भवन उदयपुर में औचक निरीक्षण करते हुए विभिन्न अनुभागों में आवश्यक व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी लेते हुए कहा कि राजकीय कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी व कार्मिक का नैतिक आचरण होना चाहिए।
कार्यालय में फाईलों के ढेर, पुराने रिकाॅर्ड का उचित संधारण व निस्तारण नही होने से अव्यवस्था होती है अतः संबंधित अनुभाग आवष्यक सुधार करते हुए अनुपयोगी सामान व कबाड़ का नियमित रूप से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता बुधवार को आबकारी मुख्यालय भवन उदयपुर में विभिन्न अनुभागों के औचक निरीक्षण के दौरान कार्मिकों को निर्देशित कर रहे थे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्यालय के समस्त अनुभाग में अधिकारियों एवं कार्मिकों से व्यवस्थाओं एवं आवश्यकता संबंधी विस्तृत जानकारी लेते हुए फाईलों के उचित संधारण, कार्यालय कक्ष के बाहर अधिकारी का नाम मय पद एवं अनुभाग का नाम अंकित करने, आबकारी प्रयोगशाला में प्राप्त सेम्पल बोतलों के स्टॉक का नियमानुसार निस्तारण करने, आबकारी हेल्पलाइन पर दर्ज अथवा प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई संबंधी विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।आबकारी आयुक्त श्री मेहता ने कार्यालय कक्ष एवं अनुभागों में इंटरनेट व बिजली की वायरिंग को व्यवस्थित करने, प्रकाश व्यवस्था, फाईलों का रिकॉर्ड रूम में उचित संधारण, पुराने रिकॉर्ड का नियमानुसार निस्तारण, अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए उचित बैठक व्यवस्था, कार्यस्थल पर स्वच्छता संबंधी निर्देश दिए।
उन्होंने सामान्य प्रशासन शाखा, आईटी सेक्शन, आबकारी अनुभाग, प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, विभागीय जांच, हेल्पलाईन कंट्रोल रूम, होटल - बार सेक्शन, बकाया अनुभाग, आवक-जावक शाखा, उप विधि परामर्शी, संस्थापन शाखा, पीआरओ कक्ष, लेखा, एपीएआर सेक्शन, स्टोर सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन प्रदीप सिंह सांगावत, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन प्रभा गौतम सहित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
