उदयपुर। उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त क्रिस्टल ग्लास आर्टिस्ट डॉ. वकार हुसैन एवं उनके पुत्र अमन हुसैन ने राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने डॉ. वकार हुसैन से क्रिस्टल शिल्पकला की बारीकियों, इसकी विशेषताओं एवं तैयार की जाने वाली कलाकृतियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
भेंट के दौरान डॉ. वकार हुसैन ने ब्लैक क्रिस्टल से निर्मित भगवान श्रीरामलला की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा उपमुख्यमंत्री को भेंट की। वहीं, उनके पुत्र अमन हुसैन ने अपने हाथों से तैयार भगवान श्रीगणेश की अद्भुत एवं कलात्मक प्रतिमा भेंट कर अपनी शिल्पकला का परिचय दिया।
दोनों शिल्पकारों की कलाकृतियों को देखकर उप मुख्यमंत्री ने उनकी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।
साथ ही उन्होंने डॉ. वकार एवं अमन को भविष्य में अपनी कला के माध्यम से राजस्थान का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वारा डॉ. वकार हुसैन को भारतीय जनता पार्टी की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण कराई गई।
डॉ. वकार हुसैन ने इस सम्मान एवं आत्मीय स्वागत के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी कला एवं शिल्पकौशल के माध्यम से राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को देश-विदेश में नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
