उदयपुर, देवेन्द्र धाम स्थित महावीर समवशरण में रविवार को आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए जैन संत डॉ. सुरेंद्र मुनि ने कहा कि मनुष्य को शरीर के प्रति मोह भाव को त्याग कर आत्म भाव में रमण करना चाहिए।
प्रवचन के दौरान डॉ. सुरेंद्र मुनि ने ज्ञान को दो भागोंकृशरीर संबंधी और आत्म संबंधीकृमें विभाजित करते हुए बताया कि भगवान महावीर और बुद्ध जैसे महापुरुषों ने आत्म ज्ञान का संदेश दिया है।
यह आत्म ज्ञान स्वावलंबी होता है, जिसमें किसी व्यक्ति विशेष या बाहरी पदार्थ की आवश्यकता नहीं रहती, जबकि शारीरिक सुख के लिए व्यक्ति को सदैव पदार्थों पर निर्भर रहना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान के माध्यम से खान-पान, रहन-सहन और सुख-सुविधाओं के संसाधन दिन-रात बढ़ाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद शारीरिक और मानसिक कष्टों का इलाज करने पर वे बढ़ते ही जा रहे हैं।
वास्तविक शांति और सुख केवल आत्मिक ज्ञान से ही प्राप्त हो सकता है। धर्मसभा में श्रमणसंघीय प्रवर्तक डॉ. राजेंद्र मुनि ने आगम के अनुसार ज्ञान के पांच भेदोंकृमति, श्रुति, अवधि, मनःपर्यव और केवलज्ञान का निरूपण किया।
उन्होंने बताया कि इन्हीं के माध्यम से आत्मा परमात्म पद को प्राप्त करती है।
मोक्ष की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि मोक्ष वह अवस्था है, जहां संपूर्ण संसार के सुख-दुख से मुक्ति मिल जाती है तथा आधि, व्याधि और उपाधि के कष्टों से दूर होकर जीव समाधिभाव को प्राप्त कर लेता है।
इस अवस्था में जीव मन, वचन और काया के कर्मों से मुक्त हो जाता है। उन्होंने आह्वान किया कि हमारा जितना लगाव शारीरिक वृत्तियों के साथ रहता है, उतना ही लगाव आत्मिक अवस्था के प्रति भी होना चाहिए।
सभा के दौरान समाज की ओर से बाहर से पधारे आगत अतिथियों का विशेष स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि सोमवार, 16 नवंबर को देवेन्द्र धाम में दर्शन श्रद्धा दिवस मनाया जाएगा।
