उदयपुर | आकाशवाणी उदयपुर में 15 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित राजभाषा पखवाड़े का समापन समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया।
पखवाड़े के दौरान हिंदी अनुवाद प्रतियोगिता , टिप्पणी लेखन राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता एवं आशुभाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक (परिचालन) श्री ललित शर्मा थे।
कार्यक्रम के आरंभ में सहायक निदेशक श्री विनोद बारबर ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासनिक प्रमुख श्री निर्मल पुरोहित ने कहा कि राजभाषा हिंदी केवल राजकाज के कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हम सभी के जीवन और व्यवहार का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है।मुख्य अतिथि श्री ललित शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय भाषाओं और हिंदी के बीच के संबंध को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि देश की भाषाई विविधता और समृद्धि हमारी महत्वपूर्ण सांस्कृतिक विरासत है और हमें इस पर गर्व करना चाहिए।राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में हिंदी अनुवाद प्रतियोगिता में श्री अनिल रायल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
टिप्पणी लेखन प्रतियोगिता में श्री निशिकांत भट्ट प्रथम रहे, जबकि आशुभाषण प्रतियोगिता में श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर आकाशवाणी उदयपुर में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े’ के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रमुख श्री विनोद शर्मा ने किया।
अंत में सहायक निदेशक श्री डी. एस. मेवाड़ा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
