उदयपुर। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के पांचवें दिन मानव सेवा समिति परिसर में नशामुक्ति दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।मुख्य वक्ता श्री अनिल कोठारी ने कहा कि वर्तमान समय में नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है।
यह केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती बन रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे के कारण उत्पन्न परिस्थितियों से सबक लेने की आवश्यकता है, ताकि ऐसी स्थिति पूरे देश में नहीं बने।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे तंबाकू, शराब और अन्य सभी प्रकार के नशे से स्वयं को दूर रखें तथा अपने साथियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम का स्वागत भाषण अणुव्रत समिति अध्यक्ष श्रीमती प्रणिता तलेसरा ने दिया।
उन्होंने कहा कि अणुव्रत का संकल्प है कि “मैं नशा नहीं करूंगा।” यह संकल्प केवल व्यक्तिगत बदलाव नहीं, बल्कि स्वस्थ और संस्कारित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष कुंदन भटेवर ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
