उदयपुर। हैप्पी होम विद्यालय के सभी संस्थानों में 52वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निदेशालय माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर की शिक्षा उप निदेशक श्रीमती सुषमा भानावत उपस्थित रहीं।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीमती भानावत ने कहा कि पारंपरिक अध्ययन पद्धतियों के साथ पढ़ाई को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के नए तरीकों को अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को विषयों को समझकर सीखने, प्रश्न पूछने और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने टाइम मैनेजमेंट, नियमित अध्ययन, रिवीजन, प्रभावी नोट्स बनाने और माइंड मैप जैसी उपयोगी अध्ययन तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को हमेशा जिज्ञासु बने रहने और सीखने की प्रक्रिया को आनंददायक बनाने का संदेश दिया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के विकास और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए संस्थापक श्री जगदीश अरोड़ा ने संस्था की 52 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा को याद किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति गौरव, नई ऊर्जा और सीखने के प्रति उत्साह का संचार किया।
