मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

उदयपुर में पहली बार गूंजेंगे तीन बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज के सुर, सात दिग्गजों को मिलेगा सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड

डीपीएस ग्राउंड में कल सजेगी ‘द अर्थ सिम्फनी’ की संगीतमय शाम, रिकी केज को प्रदान किया जाएगा हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026

WAf𝕏TGin✉🖨
उदयपुर में पहली बार गूंजेंगे तीन बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज के सुर, सात दिग्गजों को मिलेगा सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में 15 नवंबर को संगीत, कला और संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं संगीत संस्था ‘सृजन द स्पार्क’ की ओर से विजय कुमार सुराणा फाउंडेशन एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सहयोग से रविवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) ग्राउंड में भव्य सम्मान समारोह एवं संगीतमय संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में तीन बार के ग्रैमी अवॉर्ड विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज पहली बार उदयपुर में लाइव प्रस्तुति देंगे।

विजय कुमार सुराणा फाउंडेशन के राज सुराणा ने कहा कि फाउंडेशन उदयपुर को संगीत, कला और संस्कृति के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के विजन की सराहना करता है और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि सृजन द स्पार्क जैसी पहलें कलाकारों को प्रोत्साहित करने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। फाउंडेशन इस उद्देश्य से जुड़कर गौरवान्वित है कि उदयपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगीत, कला एवं संस्कृति के एक विशिष्ट केंद्र के रूप में पहचान दिलाई जा सके।

हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रिकी केज की विशेष संगीतमय प्रस्तुति ‘द अर्थ सिम्फनी’ होगी। प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और धरती के प्रति मानवीय जिम्मेदारी का संदेश देने वाली इस प्रस्तुति में रिकी केज अपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई संगीत रचनाओं के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस अवसर पर उन्हें संगीत एवं कला के क्षेत्र में उनके विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय योगदान के लिए ‘हिंदुस्तान जिंक सृजन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।

सात प्रतिष्ठित हस्तियों को मिलेगा सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड

संस्था के संरक्षक प्रसन्न खमेसरा ने बताया कि समारोह में कला, संगीत, शिक्षा, उद्योग एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश की सात प्रतिष्ठित हस्तियों को ‘सृजन कला प्रेरक अवॉर्ड-2026’ प्रदान किए जाएंगे।

सृजन द स्पार्क एपेक्स के अध्यक्ष राजेश खमेसरा ने बताया कि सेलो ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राठौड़ (मुंबई) को सृजन बिजनेस आइकन अवॉर्ड, प्रसिद्ध वायलिन वादक दीपक पंडित (मुंबई) को सृजन वी.डी. पलुस्कर अवॉर्ड, प्रख्यात शायर एवं गायक डॉ. हरिओम, आईएएस (लखनऊ) को सृजन अमीर खुसरो अवॉर्ड तथा शिक्षाविद एवं कला संरक्षक सुधीर तिवारी (रांची) को सृजन ओंकारनाथ ठाकुर अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।

संस्था के पूर्वाध्यक्ष श्याम एस. सिंघवी ने बताया कि जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन अमित अग्रवाल (जयपुर) को सृजन नंदलाल बोस अवॉर्ड, इंदिरा आईवीएफ के प्रमोटर एवं फिल्म निर्माता डॉ. अजय मुर्डिया (उदयपुर) को सृजन खेमचंद प्रकाश अवॉर्ड तथा प्रसिद्ध गायक एवं दंत चिकित्सक डॉ. समीर शर्मा (जयपुर) को सृजन मास्टर मदन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

कला और संगीत के संरक्षण के लिए समर्पित संस्था

सृजन द स्पार्क लंबे समय से भारतीय शास्त्रीय संगीत, गजल, गायन, वाद्य संगीत, साहित्य एवं विभिन्न कला विधाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्यरत है। संस्था का उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।

संस्था में मुख्य संरक्षक आईपीएस प्रसन्ना खमेसरा तथा संरक्षक के रूप में प्रसिद्ध कवि एवं अभिनेता शैलेश लोढ़ा जुड़े हुए हैं। वहीं संरक्षक मंडल में भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा, गजल गायक पद्मश्री उस्ताद अहमद हुसैन एवं उस्ताद मोहम्मद हुसैन, प्रसिद्ध तालवादक पद्मश्री आनंदन शिवमणि और प्रख्यात बांसुरी वादक पद्मश्री पं. रोनू मजूमदार जैसी प्रतिष्ठित विभूतियां शामिल हैं।

संस्था के उदयपुर सहित देश के विभिन्न शहरों में चैप्टर सक्रिय हैं। अहमदाबाद, आसनसोल, भीलवाड़ा, चेन्नई, दिल्ली-एनसीआर, हैदराबाद, जयपुर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा और रांची के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन एवं कनाडा में भी संस्था भारतीय कला और संगीत को प्रोत्साहित कर रही है।

उदयपुर में बनेगी भव्य कला एवं संगीत अकादमी

सृजन द स्पार्क की ओर से उदयपुर में एक भव्य कला एवं संगीत अकादमी स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इस अकादमी के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को शास्त्रीय एवं आधुनिक संगीत, गायन और अन्य कलाओं का व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार करना है।

कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क

सृजन द स्पार्क के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश एवं पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। दर्शकों के लिए शहर के विभिन्न निर्धारित केंद्रों पर निःशुल्क प्रवेश पास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

आयोजन को लेकर शहर के संगीत प्रेमियों, कला जगत से जुड़े लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों में खासा उत्साह है। तीन बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज की पहली उदयपुर प्रस्तुति और देश की सात प्रतिष्ठित हस्तियों का सम्मान शहर के सांस्कृतिक इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ने जा रहा है।