उदयपुर, सदाचारी व्यक्ति स्वयं भी सुखी बनता है और दूसरों को भी सुखी रखता है। विश्व में भारत की पहचान सदैव सदाचार से ही रही है।
जब तक व्यक्ति स्वयं नहीं सुधरता, तब तक परिवार, संघ, समाज और देश का सुधार संभव नहीं है।
यह विचार डॉ. सुरेंद्र मुनि ने मंगलवार को देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।धर्मसभा में प्रवचन देते हुए डॉ. सुरेंद्र मुनि ने कहा कि हमारे पूर्व धर्मगुरुओं ने सब कुछ मोह-माया का त्याग कर सदाचार, संयम और व्रत को जीवन में धारण किया, जिसके परिणामस्वरूप उनके उपदेशों से लाखों मानव सदाचारी बने।
उन्होंने कहा कि हमारी कथनी और करनी एक होनी चाहिए, क्योंकि दिखावटी जिंदगी जीवन को बर्बाद कर देती है।
पूर्वजों के वचनों का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि रामायण में भगवान श्रीराम ने प्राणों को संकट में डालकर भी अपनी प्रतिज्ञा निभाई, वहीं महात्मा गांधी ने सदाचार का पालन करते हुए देश को आजादी दिलवाई।इस अवसर पर प्रवर्तक डॉ. राजेंद्र मुनि ने जीवन में आचरण और संयम का महत्व समझाया।
उन्होंने भगवान राम, कृष्ण और महावीर को आदर्श पुरुष बताते हुए उनके द्वारा दिखाए गए सन्मार्ग पर चलने का संदेश दिया। डॉ. मुनि ने कहा कि सदाचारी व्यक्ति जीवन में केवल निर्दाेष कार्य ही करता है और स्वार्थ का त्याग कर जीवन को सफल बनाता है।
धर्मसभा के अंत में समाज की ओर से सेवारत कार्यकर्ताओं का बहुमान ज्ञापित किया गया।