मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 17 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

जनजातियों का मसीहा श्री विरसा मुण्डा 19वीं सदी का प्रताप

डाॅ. जी. एल. मेनारिया इतिहासकार, संस्थापक अध्यक्ष ग्लोबल हिस्ट्री फोरम एवं निदेशक तक्षशिला विद्यापीठ संस्थान, उदयपुर (राज.) मो. 9460800559, 8619420850 (ॅींजेंचच)

डाॅ. जी. एल. मेनारिया इतिहासकार, संस्थापक अध्यक्ष ग्लोबल हिस्ट्री फोरम एवं निदेशक तक्षशिला विद्यापीठ संस्थान, उदयपुर (राज.

WAf𝕏TGin✉🖨





आज जनजातियों के मसीहा भगवान श्री बिरसा मुण्डा की जयन्ती पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ग्लोबल हिस्ट्री फोरम संस्थापक अध्यक्ष इतिहासकार डाॅ. जी. एल. मेनारिया फोरम के बीच बोलते हुए बताया कि भारत का मुक्ति संग्राम 18वीं एवं 19वीं सदी में ब्रिटिश साम्राज्यवादियों के विरूद्ध आदिवासी जनजातियों, सामन्तों, किसानों, कारीगरों एवं लेखकों के द्वारा किए गए विद्रोहों और संग्रामों का प्रतिफल है। यों तो यह मुक्ति संग्राम अरबों व तूर्कों के भारत पर आक्रमणों से प्रारम्भ होकर मुगलों के विरूद्ध 16वीं सदी में महाराणा प्रताप एवं शिवाजी जैसे राष्ट्र नायकों के चीरकालिक संघर्ष के रूप में विकसित हुआ। 

बिरसा मुण्डा भारत के राष्ट्रव्यापी 1857 के महान जन विद्रोह के असफल होने के बाद स्वाधीनता संग्राम के उन महान जननायकों में अग्रणी थे, जिन्होंने सिंहभूमि वर्तमान झारखण्ड में अपने आपके सन् 1895 में मुण्डा जनजातियों के रूप का उद्धारक (भगवान/अवतार पुरूष) बताया। उनका लक्ष्य मुण्डा अंचल से अत्याचारी सामन्तों, जागीरदारों और उनके संरक्षक ब्रिटिश साम्राज्य को सदा-सदा के लिए समाप्त करना था। 

बिरसा मुण्डा यूरोपीय ईसाई मिशनरियों द्वारा जनजातीय वर्ग के गरीब भूमिहीन लोगों का धर्मान्तरण करने वालों का घोर प्रतिरोध कर उन्हें पुनः हिन्दू धर्म में लौटने का आन्दोलन चलाया।

सन् 1808-09 में केरल में त्रावनकोर का स्वाधीनता आन्दोलन, सन् 1818-1831 के वर्षों में उत्तर के विन्ध्याचल से लेकर दक्षिण पश्चिम में सहाद्री पर्वतमाला, पश्चिमी घाट व राजपूताने में रहने वाली स्वतन्त्रता प्रिय, स्वाभिमानी भील व आदिवासियों ने अपने देश के गौरव गरिमा के लिए औपनिवेशिक ब्रिटिश साम्राज्यवाद को समाप्त करने का भरसक प्रयत्न किया था। सन् 1831 में मालवा में धार राज्य के भील आन्दोलन का नायक उचेत सिंह था, जिसको भील आदिवासियों ने अपना नेता माना व ब्रिटिश राज्य को उखाड़ फेंकने का कदम उठाया। इसी क्रम में सन् 1857 में तात्यां टोपे का बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, मेवाड़ वागड़ व उत्तरी गुजरात में ससैन्य सहयोग देकर स्वाधीनता आन्दोलन के इस गौरवपूर्ण अध्याय में अहम भूमिका का निर्वाह किया। सन् 1820 में राजस्थान में मेरवाड़ा, भोमट, वागड़ परिक्षेत्र में भील, मीणा व मेर जनजातियों ने अंग्रेजों एवं सिन्धिया की संयुक्त शक्ति का मुकाबला किया। 

बिरसा रांची जिले के तमार थाने के दक्षिण में स्थित एक गांव चलकद के मुण्डा जनजातिय वर्ग में ऐसे मुण्डा समुदाय में पले बड़े हुए जिन्होंने अंग्रेजी राज्य में धर्मान्तरित होकर भारत में मार्टिन लूथर पंथी ईसाई बन गए थे क्योंकि उनकी शिक्षा चायबासा के जर्मन मिशन स्कूल में हुई थी। उन्होंने देखा कि ईसाई धर्म को जनजातियों के आत्म सम्मान अतीत की गौरवपूर्ण परम्पराओं, सनातन संस्कृति को समाप्त करने का ईसाई धर्म को एक हथियार बनाया इस कारण बिरसा पुनः स्वेच्छा से मुण्डा बन गए व अपने सैंकड़ों अनुयायियों के ईश्वरीय अवतार की तरह पूज्य हो गए। 

बिरसा मुण्डा ने जनजातीय चेतना आन्दोलन ईसा मसीह के जन्मदिन को चुनकर यह संदेश दिया कि वह मुण्डा अंचल में विदेशी सत्ता के विरूद्ध विद्रोह समाज व राष्ट्र की मुक्ति के लिए कर रहे हैं।

16 अगस्त 1895 को महारानी विक्टोरिया का राज्य समाप्त करने के आरोप में बिरसा मुण्डा व अन्य सैंकड़ों मुण्डा अनुयायियों को गिरफ्तार कर रांची जेल में भेजकर उन पर मुकदमें चलाए गए। कई मुण्डाओं को फाँसी दे दी गई एवं कई मुण्डे ब्रिटिश सैन्य शक्तियों के शिकार हो गए। अन्ततः 3 फरवरी 1900 को बिरसा मुण्डा को गिरफ्तार कर मुकदमा चलाया गया और मुकदमे की सुनवाई के दौरान ही हैजे की बीमारी से रांची जेल में इस महान् जननायक का निधन हुआ। 

महाराणा प्रताप की भांति बिरसा मुण्डा ने अपनी मातृभूमि और मुण्डा सरदारों की भूमि, जंगल और उनके खोए हुए भूभाग को मुक्त करने के लिए एक व्यापक जन आन्दोलन चला कर लगभग 15 वर्षों तक पहाड़ों, जंगलों में रहते हुए छापामार प्रणाली का प्रयोग किया और कई बार गुप्त स्थलों में अपने साथियों के साथ संगठित होकर ब्रिटिश साम्राज्यवाद की शक्तिशाली महारानी विक्टोरिया के कुशासन का प्रबल प्रतिरोध किया। बिरसा मुण्डा गुप्त आवास में रहते हुए जगन्नाथपुरी गए जहाँ उन्हें संघर्षरत वृद्ध मुण्डा जननेताओं ने सहयोग दिया और उनके महान लक्ष्य को सफल होने का आशीर्वाद भी दिया। 

उल्लेखनीय है कि जहाँ बिरसा मुण्डा विश्व की शक्ति का प्रतीक महारानी विक्टोरिया का पुतला बनाकर उस पर तीरंदाजी का अभ्यास करने वाले और ब्रिटिश राज्य को समाप्त करने में संलग्न था, वहीं देश के तत्कालीन राजा महाराजा, राणा महाराणा, राव महाराव इत्यादि महारानी विक्टोरिया के राज्याभिषेक के अवसर पर महारानी द्वारा प्रदत्त मेडल और उपाधियों को ग्रहण कर अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे थे ऐसे राज्यों में मेवाड़ का महाराणा फतहसिंह, रीवा राज्य के दरबार ही नहीं वरन् सम्पूर्ण भारत के राजे महाराजाओं ने ब्रिटेन से दोस्ती लंदन कर अधीनता स्वीकार कर रखी थी इसी संक्रमण कालीन 19वीं शताब्दी में बिरसा मुण्डा जनजातीयों के मसीहा के रूप में पूज्य हुए। उनका आन्दोलन विशुद्ध रूप से राजपूताना के साधु गोविन्दगिरी की भांति जनजातीय समाज में सुधार, संचेतना और परिवर्तन लाने के साथ-साथ सामन्तीय व्यवस्था के कुशासन और ब्रिटिश औपनिवेशिक साम्राज्य से मुक्ति प्राप्त करना था। आज उनकी 151वीं जयन्ती के ऐतिहासिक दिवस पर हमें ऐसे जननायकों के उज्जवल कार्यों और उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए। 

इस अवसर पर इतिहासकार डाॅ. हेमचन्द शर्मा, डाॅ. मनोज भटनागर, डाॅ. मीनाक्षी मेनारिया, राकेश विजयवर्गीय, चन्दन सिंह खोखावत इत्यादि उपस्थित थे।