देवेंद्र धाम में आज होगी ज्ञान पंचमी के अवसर पर विशेष सरस्वती आराधनाउदयपुर, देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में शुक्रवार को आयोजित धर्मसभा में प्रवचन देते हुए डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने कहा कि ज्ञान आत्मा का स्वभाव है और हमारा जीवन ज्ञान के अभाव में शून्य है।नवकार महामंत्र के चतुर्थ पद (उपाध्याय पद) की साधना कराते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जो स्वयं ज्ञानवान होता है और अन्य को भी ज्ञान का वितरण करता है, वही उपाध्याय है।
आगम साहित्य का विस्तार से विवेचन करना-कराना, पठन-पाठन और स्वाध्याय आदि उपाध्याय का मुख्य कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शरीर का बाहरी आकार चाहे कितना भी सुंदर क्यों न हो, यदि मस्तिष्क काम न करता हो तो जीवन जीना दुष्कर हो जाता है।
वही संघ, समाज और देश अस्तित्व में रहता है, जिसके पास ज्ञान का अक्षय भंडार होता है। देश का उत्थान और पतन ज्ञान पर ही अवलंबित है।
प्राचीन समय में गुरुकुल पद्धति ज्ञान का केंद्र थी, जहाँ बालकों का निर्माण होता था, इसलिए हमें ज्ञान देने वाले का सदा आदर करना चाहिए।मस्तिष्क संपूर्ण शरीर का संचालकःडॉ. राजेन्द्र मुनिधर्मसभा को संबोधित करते हुए प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने शरीर के समस्त अंगों में मस्तिष्क को सर्वश्रेष्ठ अंग बताया।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण शरीर का संचालनकर्ता इंसान का दिमाग ही है और विचार शक्ति ही इंसान को पशु जगत से श्रेष्ठ बनाती है।
बड़े-बड़े ऋषि-मुनि, गुरुजन और आचार्य अध्यात्म ज्ञान के प्रणेता रहे हैं, जबकि भौतिक जगत में वैज्ञानिकों, डॉक्टरों और न्यायाधीशों ने संसार का संचालन किया है।
आज हमें जो भी सुविधाएं प्राप्त हैं, वे इन्हीं के बदौलत हैं, इसलिए हमें सदा इनका ऋणी रहना चाहिए।इस दौरान जानकारी दी गई कि शनिवार, 14 नवम्बर को देवेंद्र धाम में ज्ञान पंचमी पर विद्यार्थियों व सभी को करवाई जाएगी सरस्वती माता की विशेष आराधना एवं गुरु मान जी स्वामी का महोत्सव मनाया जाएगा।
धर्मसभा के अंत में सूरत अहमदाबाद जयपुर जोधपुर से आए अतिथियों का स्वागत किया गया।
