उदयपुर, स्थानीय देवेन्द्र धाम स्थित महावीर समवशरण में सोमवार को आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रमणसंघीय प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने कहा कि धर्म के प्रति अटूट विश्वास से ही आत्मा का सच्चा विकास संभव है।
उन्होंने कहा कि जैसे शरीर में प्राण और भवन में नींव का महत्व होता है, ठीक उसी प्रकार मानव जीवन में धर्म-श्रद्धा का स्थान सर्वाेपरि है।
धर्मसभा में प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने धर्म-श्रद्धा को अति दुर्लभ बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में आपसी विश्वास की कमी के कारण ही लोगों की जीवनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है।
एक-दूसरे पर भरोसा ही जीवन को सुचारू रूप से संचालित करता है। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरण देते हुए कहा कि वही व्यापारी सफल होता है जो अपने कर्मचारियों पर श्रद्धा व विश्वास रखता है, और वही रोगी शीघ्र स्वस्थ होता है जिसे अपने चिकित्सक पर पूर्ण विश्वास होता है।
मुनिश्री ने पारिवारिक व सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता-पिता और गुरु के प्रति तीर्थ के समान आदर भाव होना चाहिए। यदि आप आज बड़ों की सेवा करेंगे, तो समय आने पर आपकी संतान भी आपकी सेवा करेगी।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए आत्मा और परमात्मा के प्रति श्रद्धावान बनने का संदेश दिया।
भगवान महावीर स्वामी द्वारा चतुर्विध संघ की स्थापना कर दिए गए पूर्ण श्रद्धा के संदेश को दोहराते हुए डॉ. राजेन्द्र मुनि ने कहा कि जीवन में चाहे कितने भी बड़े संकट आ जाएं, हमें धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने आनंद, कामदेव, धन्ना, शालीभद्र और जम्बूस्वामी जैसे महापुरुषों के प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए श्रावक-श्राविकाओं को धर्मवान बनने की प्रेरणा दी।
धर्मसभा के दौरान श्री संघ अध्यक्ष एडवोकेट रोशनलाल जैन एवं महामंत्री हिम्मत बड़ाला ने बताया कि जैन समाज की ओर से बेंगलुरु, सूरत और पंजाब से पधारे समाजसेवियों का आत्मीय अभिनंदन किया गया।
अंत में आयोजकों द्वारा मंगलवार, 17 नवंबर को श्संयम दिवसश् मनाए जाने की सूचना दी गई।