उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) की ओर से संगीत प्रेमियों के लिए “वॉइस ऑफ बीसीआई – वॉइस ऑफ म्यूजिक” के अंतर्गत विशेष संगीतमय कार्यक्रम “फिर से… सुरों की झंकार” का आयोजन 29 अगस्त को किया जाएगा।
कार्यक्रम में 80 और 90 के दशक के सदाबहार एवं लोकप्रिय गीतों की शानदार लाइव प्रस्तुतियां देखने-सुनने को मिलेंगी।बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि बीसीआई व्यापार और नेटवर्किंग के साथ अपने सदस्यों की रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच देने के लिए भी लगातार प्रयासरत है।
इसी उद्देश्य से “वॉइस ऑफ बीसीआई” की शुरुआत की गई है। इस आयोजन के माध्यम से सदस्यों को अपनी गायकी और अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का सबसे खूबसूरत माध्यम है और बीसीआई का प्रयास है कि व्यापारिक संबंधों के साथ सदस्यों के बीच कला, संस्कृति और आपसी जुड़ाव भी मजबूत हो।बीसीआई उत्सव के अध्यक्ष संजीव पटवा ने बताया कि कार्यक्रम में 80 और 90 के दशक के उन यादगार नगमों की प्रस्तुतियां खास आकर्षण रहेंगी, जिन्होंने कई पीढ़ियों के दिलों पर अपनी खास छाप छोड़ी है।
पुराने फिल्मी संगीत की मधुर यादों को लाइव प्रस्तुतियों के माध्यम से एक बार फिर जीवंत किया जाएगा।आयोजन की खास बात यह रहेगी कि इसमें केवल गायन ही नहीं, बल्कि ग़ज़ल, कविता और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के लिए भी प्रतिभागियों को मंच मिलेगा।
इस पहल के जरिए बीसीआई सदस्यों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें एक बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है।कार्यक्रम में स्वादिष्ट भोजन, मनोरंजन और विभिन्न आकर्षक गतिविधियों के साथ 10 प्रश्नों की विशेष प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।कार्यक्रम के पंजीयन एवं तैयारियों के संबंध में योगेश उपाध्याय, देवेंद्र सिंह करीर, शालिनी भटनागर एवं अरुण चौबीसा ने संयुक्त रूप से बताया कि आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि संगीत एवं कला में रुचि रखने वाले बीसीआई सदस्य इस आयोजन से जुड़कर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत कर सकते हैं। गायन, ग़ज़ल, कविता सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
