मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 15 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

500 सवाल, एकाग्रता का अद्भुत कमाल और हर जवाब सटीक... उदयपुर में पहली बार मुनिराज दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर का ऐतिहासिक पंच शतावधान प्रयोग

एक साथ 500 प्रश्नों, नामों और प्रसंगों को स्मरण रख क्रमवार दिए सटीक उत्तर, विलक्षण स्मरण शक्ति देख मंत्रमुग्ध हुए शहरवासी

WAf𝕏TGin✉🖨
500 सवाल, एकाग्रता का अद्भुत कमाल और हर जवाब सटीक... उदयपुर में पहली बार मुनिराज दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर का ऐतिहासिक पंच शतावधान प्रयोग
1 / 3

उदयपुर। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, साधना और मानवीय मस्तिष्क की असाधारण क्षमता का अनूठा संगम रविवार को उदयपुर के टाउनहॉल स्थित मोहनलाल सुखाड़िया रंगमंच पर देखने को मिला।

श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक जिनालय समिति, हिरण मगरी सेक्टर-4 के तत्वावधान में पहली बार ऐतिहासिक ‘पंच शतावधान प्रयोग’ का आयोजन किया गया।

इसमें महाशतावधानी मुनिराज श्री दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर महाराज ने एक साथ 500 प्रश्नों, नामों, वस्तुओं और विभिन्न प्रसंगों को स्मरण रखकर निर्धारित क्रम में उनके सटीक उत्तर देकर उपस्थित जनसमूह को आश्चर्यचकित कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर विधायक ताराचंद जैन, विशिष्ट अतिथि महापौर पारस सिंघवी, भाजपा शहर विधायक गजपाल सिंह राठौड़ तथा समाजसेवी राज लोढ़ा थे।

समिति अध्यक्ष सुशील बांठिया ने बताया कि सुबह 8.15 बजे प्रारंभ हुए इस अनूठे आयोजन में आयोजकों ने करीब एक हजार लोगों से अलग-अलग विषयों पर 500 नाम, शब्द और प्रश्न आमंत्रित किए।

इनमें जैन तीर्थों, श्रावकों के नाम, स्लोगन, फल-सब्जियां, वर्तमान राजनेता, त्योहार, शहर, खेल, सूत्र, पशु-पक्षी, वस्तुएं, उपकरण, संगीत वाद्ययंत्र, परीक्षाएं, नदियां, दर्शनीय स्थल, भगवान के माता-पिता के नाम, प्रसिद्ध क्रिकेटर, देवियां, देश-राजधानियां, पर्वत, स्वतंत्रता सेनानी, मुद्राएं, पार्श्वनाथ भगवान के नाम, अष्टमंगल, तप, अठारह पापस्थानक, विलोम शब्द, स्थापत्य, वृक्ष, भाषाएं, मिठाइयां और आभूषण सहित अनेक विषय शामिल थे।

इसके बाद मुनिराज दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर महाराज ने अपनी विलक्षण स्मरण शक्ति का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। उन्होंने एक साथ दिए गए 500 प्रश्नों और विभिन्न जानकारियों को याद रखते हुए निर्धारित क्रम में उनके उत्तर प्रस्तुत किए।

इतना ही नहीं, सभागार में मौजूद लोगों ने जब किसी भी प्रश्न की क्रम संख्या पूछी तो मुनिराज ने तत्काल उस क्रम पर दिए गए नाम अथवा वाक्य को बताकर अपनी असाधारण स्मरण शक्ति का परिचय दिया।

मंत्री अशोक नागौरी ने बताया कि यह प्रयोग केवल स्मरण शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि वर्षों की साधना, एकाग्रता, ध्यान, मानसिक अनुशासन और आत्मसंयम का अद्भुत उदाहरण है। इस आयोजन ने आमजन को यह संदेश दिया कि निरंतर अभ्यास और साधना के माध्यम से मानव मस्तिष्क की क्षमताओं को असाधारण स्तर तक विकसित किया जा सकता है।

उपाध्यक्ष उत्सवलाल जगावत ने कहा कि उदयपुर में पहली बार आयोजित इस ऐतिहासिक पंच शतावधान प्रयोग ने जैन समाज के साथ पूरे मेवाड़ और राजस्थान को गौरवान्वित किया है। कार्यक्रम में मुनिराज की अद्भुत प्रतिभा और साधना को देखकर उपस्थित लोगों ने सराहना की।

आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष सुशील कुमार बांठिया, उपाध्यक्ष उत्सवलाल जगावत, मंत्री अशोक नागौरी, कोषाध्यक्ष ईश्वरलाल मेहता, उपमंत्री चंद्रसिंह मेहता, अनिल भंडारी, सीए सुधीर मेहता, प्रमोद जैन, भव्येश गांधी, अतुल जैन, पंचम जैन, दिनेश पटवा, दिनेश कोठारी सहित कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन आलोक पगारिया ने किया।