उदयपुर। सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए लाइफ प्रोग्रेसिव सोसायटी एवं शिरीन गारमेंट की ओर से जरूरतमंद स्कूली बच्चों के लिए सेवा एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके तहत उदयपुर, कुंवारियां, कपासन और कुरज के विभिन्न स्कूलों में 180 छात्र-छात्राओं को सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर के साथ पैंट-शर्ट, बेल्ट और टाई वितरित किए गए।
सर्दी के मौसम में आवश्यक वस्त्रों का तोहफा पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई।सोसायटी अध्यक्ष डॉ. खलील अगवानी ने बताया कि बच्चों को दी गई यह सामग्री मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वितरण जकात अथवा सदका की राशि से नहीं, बल्कि विशुद्ध मानवीय हमदर्दी के उद्देश्य से किया गया है।सोसायटी सचिव फातिमा अगवानी ने बताया कि संस्था शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
वर्तमान में करीब 45 विद्यार्थी सिलाई, मेहंदी, बेसिक कंप्यूटर और विभिन्न विषयों की कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं। नवंबर के अंत में इनकी परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा 75 प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
कक्षा 8 से 12वीं तक विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग की विशेष कोचिंग अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी। वहीं 20 नवंबर से ब्रांच कार्यालय में नए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
सभी प्रशिक्षण और कोचिंग सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क रहेंगी।अध्यक्ष डॉ. खलील अगवानी ने बताया कि स्कूल एवं कॉलेज की फीस जमा करवाने के लिए दी जाने वाली जकात आधारित सहायता में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नए नियम बनाए गए हैं।
अब आवेदकों को आवेदन फॉर्म नोटरी करवाना अनिवार्य होगा।
वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से लाभार्थियों के नाम समाचार पत्रों में प्रकाशित भी किए जा सकते हैं।सचिव फातिमा अगवानी ने बताया कि रमजान 2027 के लिए खाद्य सामग्री वितरण योजना के आवेदन 4 जनवरी से भरे जाएंगे।
इस योजना में केवल 100 अति जरूरतमंदों को शामिल किया जाएगा। इनमें 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, विधवा महिलाएं, बेसहारा एवं बिना स्वयं के मकान वाले जरूरतमंद तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग व्यक्ति शामिल होंगे।
दिव्यांग आवेदकों के लिए प्रमाण पत्र अनिवार्य रहेगा। उन्होंने समाज के भामाशाहों एवं दानदाताओं से इस सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की।
संस्था को दिए गए सहयोग पर आयकर अधिनियम की धारा 12ए एवं 80 जी के तहत नियमानुसार कर छूट का लाभ भी मिलेगा।सोसायटी की ओर से 28 जनवरी 2027 को सर्व समाज एवं सर्व धर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इसके लिए 20 नवंबर 2026 से पंजीकरण फॉर्म उपलब्ध होंगे। आयोजन सरकारी दिशा-निर्देशों एवं संस्था के निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न होगा।गौरतलब है कि लाइफ प्रोग्रेसिव सोसायटी पिछले 15 वर्षों से शिक्षा, समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना, युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना और जरूरतमंदों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
