उदयपुर। साहित्य, शब्दों और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सक्रिय संस्था ‘लफ़्ज़ों की महफ़िल’ की ओर से सितंबर 2026 माह में ‘पथ पर बढ़ता चल’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में आज, 15 नवंबर को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि सम्मान समारोह मधुश्री बैंक्वेट हॉल, अशोका पैलेस, 100 फीट रोड, शोभागपुरा, उदयपुर में आयोजित होगा। इस अवसर पर कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह के साथ सहभागिता करने वाले कुल 18 प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘लफ़्ज़ों की महफ़िल’ का उद्देश्य साहित्य, कविता, विचारों और अभिव्यक्ति के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा प्रतिभाशाली व्यक्तियों को अपनी कला प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम संयोजक पं. पुरुषोत्तम शाकद्वीपीय 'प्रेमी' ने बताया कि ‘पथ पर बढ़ता चल’ कार्यक्रम में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रथम तीन स्थान निर्धारित किए गए थे। इसमें कमल प्रकाश मेहता ने प्रथम, प्रिया सुमित कटारिया ने द्वितीय और कुलबीर नेपथ्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया था। इसके साथ ही कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले अन्य 15 प्रतिभागियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
