मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

ईएसआईसी अस्पताल में अस्पताल विकास समिति की चतुर्थ बैठक

स्थानीय परिवहन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और दवाओं सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

WAf𝕏TGin✉🖨
ईएसआईसी अस्पताल में अस्पताल विकास समिति की चतुर्थ बैठक

उदयपुर । कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल के कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार को अस्पताल विकास समिति की चतुर्थ बैठक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराधा गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।चिकित्सा अधीक्षक डॉ अनुराधा गहलोत ने बताया कि बैठक में स्थानीय परिवहन सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, बीमित व्यक्तियों की आधार आधारित पहचान, जलापूर्ति, दवाओं की उपलब्धता तथा वार्षिक निवारक स्वास्थ्य जांच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने और आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। अस्पताल में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में मरीजों की बढ़ती संख्या तथा उनकी समस्याओं को मुख्यालय तक पहुंचाने के लिए स्थापित प्रतिपुष्टि स्कैनर की व्यवस्था की सराहना की गई।

साथ ही, बीमित व्यक्तियों में जागरूकता बढ़ाने और उप क्षेत्रीय कार्यालय, अस्पताल एवं अन्य शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय व सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया।

बैठक में श्रम सलाहकार बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली, नामित सचिव रविंद्र अग्रवाल, उप क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त निदेशक दीपक चौरसिया, कर्मचारी प्रतिनिधि मनीष परासर तथा सांसद प्रतिनिधि सिद्धार्थ शर्मा ने भाग लिया।