उदयपुर । पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में उदयपुर जिले में महिला मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति उत्साहजनक भागीदारी दर्ज कराई।
जिले की छह पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुए मतदान में कुल 69.47 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस बार मतदान प्रतिशत के मामले में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया।
वहीं, कोटड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में सर्वाधिक 78.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि द्वितीय चरण में जिले की बड़गांव, देवला, गोगुंदा, कोटड़ा, सायरा एवं सुलाव पंचायत समितियों के कुल 96 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ।
इन क्षेत्रों में कुल 3 लाख 89 हजार 443 पंजीकृत मतदाताओं में से 2 लाख 70 हजार 535 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।कोटड़ा में मतदान का सर्वाधिक उत्साह, देवला दूसरे स्थान परपंचायत समिति वार मतदान के अंतिम आंकड़ों के अनुसार कोटड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में सर्वाधिक 78.15 प्रतिशत मतदान हुआ।
यहां कुल 69 हजार 89 मतदाताओं में से 53 हजार 995 ने मतदान किया। वहीं, देवला पंचायत समिति 72.94 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रही।
यहां 44 हजार 204 मतदाताओं में से 32 हजार 244 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी प्रकार बड़गांव पंचायत समिति क्षेत्र में 71.16 प्रतिशत, गोगुंदा में 69.41 प्रतिशत तथा सुलाव में 68.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सायरा पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे कम 58.44 प्रतिशत मतदान हुआ।महिलाएं रही आगेद्वितीय चरण के मतदान में महिला मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
छह पंचायत समितियों में कुल 1 लाख 88 हजार 684 महिला मतदाताओं में से 1 लाख 32 हजार 224 महिलाओं ने मतदान किया। इस प्रकार महिलाओं का मतदान प्रतिशत 70.08 रहा।
वहीं, कुल 2 लाख 756 पुरुष मतदाताओं में से 1 लाख 38 हजार 311 ने मतदान किया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 68.90 रहा।
इस प्रकार महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों की तुलना में 1.18 प्रतिशत अंक अधिक रहा। विशेष रूप से गोगुंदा एवं सायरा पंचायत समिति क्षेत्रों में महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया।
गोगुंदा में 72.99 प्रतिशत महिलाओं के मुकाबले 66.06 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया।
इसी प्रकार सायरा में 62.72 प्रतिशत महिलाओं तथा 54.53 प्रतिशत पुरुषों ने मताधिकार का प्रयोग किया।31 मतदान केंद्रों पर 85 प्रतिशत से अधिक वोटिंगजिले के 31 केंद्रों पर 85 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।
इनमें सर्वाधिक 16 मतदान केंद्र कोटड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के रहे। बड़गांव के 10, देवला के 2 तथा गोगुंदा, सायरा एवं सुलाव के एक-एक मतदान केंद्र पर 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
इसके अलावा 421 मतदान केंद्रों पर 50 से 85 प्रतिशत के बीच मतदान हुआ, जबकि 21 केंद्रों पर 20 से 49 प्रतिशत के बीच मतदान दर्ज किया गया।
केवल एक मतदान केंद्र पर 20 प्रतिशत तक मतदान हुआ।दिव्यांग मतदाताओं ने भी निभाई लोकतंत्र में भागीदारीमतदान के दौरान दृष्टिबाधित एवं चलने-फिरने में असमर्थ दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
145 दृष्टिबाधित मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 120 ने सहयोगी की सहायता से तथा 25 ने बिना सहयोगी के मतदान किया।
इसी प्रकार चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता वाले 220 मतदाताओं ने मतदान किया।
इनमें 127 ने सहयोगी की सहायता ली, जबकि 93 ने बिना सहयोगी की सहायता के मतदान किया।पहचान पत्र के साथ अन्य दस्तावेजों का भी किया उपयोगमतदान के दौरान मतदाताओं ने पहचान सत्यापन के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र के साथ अन्य अनुमत दस्तावेजों का भी उपयोग किया।
1 लाख 12 हजार 404 मतदाताओं ने मतदाता फोटो पहचान पत्र का उपयोग किया, जबकि 1 लाख 58 हजार 131 मतदाताओं ने अन्य अनुमत पहचान दस्तावेजों के आधार पर मतदान किया।हर आयु वर्ग ने दिखाया उत्साहलोकतंत्र के उत्सव में हर आयु वर्ग के मतदाताओं ने उत्साह से भाग लिया।
18-25 वर्ष आुय वर्ग में कुल 37,318 पंजीकृत पुरूष मतदाताओं में से 23,261 एवं 27,597 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 17,490 ने वोट डाला।
26-35 वर्ष आयुवर्ग के कुल 56,473 पुरूष मतदाताओं में से 39,388 तथा 53,114 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 36,977 महिलाओं ने वोटिंग बूथ तक पहुंचकर मतदान किया।
36-59 वर्ष आयु वर्ग में कुल 73,558 पंजीकृत पुरूष मतदाताओं में से सबसे अधिक 50,387 तथा 70,600 महिला मतदाताओं में से 50,522 ने वोटिंग की। बढ़ती उम्र और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद जिले के बुजुर्गों ने लोकतंत्र के इस महापर्व से दूरी नहीं बनाई।
33,407 बुजुर्ग पुरूष मतदाताओं में से 25,275 तथा 37,373 पंजीकृत बुजुर्ग महिलाओं में से 27,235 ने मताधिकार का प्रयोग किया।