पर्यटन पर जाने के नाम से ही मन में उमंग की लहर दौड़ जाती हैं। आज साहसिक खेल या गतिविधियों की पर्यटन को मनोरंजक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। पहाड़ों, जंगलों , वन्यजीव अभयारण्यों, गुफाओं आदि में लंबी दूरी तक पैदल घूमना अर्थात ट्रैकिंग पर जाना भला किसे न रोमांचित करेगा। बर्फ पर स्कीइंग - स्केटिंग से फिसलने का लुत्फ कोन नहीं उठाना चाहेगा।
नदियों के जल में राफ्टिंग, कैनोइंग और समुद्र की अथाह जलराशि में गोताखोरी - स्नॉर्कलिंग और स्कूबा डाइविंग से समुद्र के भीतर जलीय जीवों के संसार को देख कर रोमांचित होना हर किसी को हसरत होती हैं। साथ ही समुद्र पर बोट के जरिए पैरासेलिंग, समुद्र की लहरों पर लहरबाजी, बनाना बोट सवारी आदि गतिविधियों से हर कोई आनंदित होना चाहता है।
बंजी जंपिंग और जिप लाइनिग के तो कहने ही क्या जो पूर्ण साहस और रोमांस से भरपूर हैं। हॉट एयर बेलून, पैराग्लाइडिंग, पैरासेलिंग और रोप वे से खुले आसमान से प्रकृति के नजारें कोन नहीं देखना चाहेगा।
ऊंट सफारी, घोड़ा सफारी, हाथी सफारी, जीप सफारी, माउंटेन बाइकिंग, साइकलिंग से आंनद की कोई सीमा नहीं है। रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का अपना अलग ही मनोरंजन है। समुद्री जहाज - क्रूज - बोट से साहसिक समुद्री यात्रा का रोमांस वही बता सकता है जिसने इनका लुत्फ उठाया है।
मानसरोवर यात्रा, अमरनाथ यात्रा, वैष्णोदेवी यात्रा, नंदा देवी जैसी धार्मिक यात्राएं भी कम साहसपूर्ण नहीं हैं,हालांकि इनमें अधिकांश घरेलू पर्यटक ही शामिल होते हैं। भारत में राजस्थान सहित कई राज्यों में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित उत्सव भी साहसिक मनोरंजन से भरपूर होते हैं जो घरेलू पर्यटकों के साथ - साथ विदेशी पर्यटकों को भी खूब आकर्षित करते हैं।
प्राचीन समय के साहसिक मल्लयुद्ध, हाथीदौड़, निशानेबाजी, घुड़दौड़, बैलगाड़ी दौड़ आदि के आयोजन वैसे तो बीते समय की कहानी हो कर रह गए हैं परन्तु निशानेबाजी और घुड़दौड़ का खेलों में अभी भी महत्व बना हुआ है। साहसिक प्रदर्शन के इन आयोजनों को पीछे छोड़ कर नए और आधुनिक साहसिक खेलों और गतिविधियों ने अपनी जबरदस्त पहचान बना कर पर्यटन में नया आयाम जोड़ दिया हैं।
पर्यटन के क्षेत्र में रोमांचक साहसिक पर्यटन आज खास कर युवाओं की पहली पसंद बन गया हैं। जोश और ऊर्जा से भरे युवा लड़के और लड़कियां दोनों साहसिक गतिविधियों - खेलों के लिए पूर्णरूप से उत्साहित रहते हैं।
साहसिक पर्यटन का एक नया वर्ग इनका दीवाना हो गया हैं। यही वजह है कि देश का पर्यटन मंत्रालय , सभी राज्यों और संघ शासित राज्यों के पर्यटन विभाग साहसिक खेलों के विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
भारत सरकार के मंत्रालय ने पर्यटन क्षेत्र में साहसिक और रोमांचकारी पर्यटन से होने वाली आय और देशी-विदेशी युवाओं के बढते रुझान को देखते हुए वर्ष 2018 को साहसिक पर्यटन वर्ष के रूप में मनाया था।
भारत प्राचीन काल से सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विविधताओं वाला देश रहा है, इसमें साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
इससे इंकार नहीं किया जा सकता कि मानव सभ्यता के विकास में पर्यटन व यात्रा का महत्वपूर्ण योगदान है। जैसे-जैसे मानव सभ्यता का विकास होता रहा यात्रा के प्रकार में भी बदलाव होते रहे।
वस्तुतः भोजन की खोज से शुरू हुई यात्रा ज्ञानार्जन, धनार्जन, मनोरंजन, धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, स्वास्थ्य, विलासिता के साथ-साथ अब साहसिक और अंतरिक्ष पर्यटन तक पहुंच चुकी है।
भारत में प्रकृति ने प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संपदा प्रदान की है।
पर्वत, पहाड़ी, नदी, रेगिस्तान, झड़ने, मैदान, वन-उपवन, सागर इत्यादि पर्यटकों को आकर्षित करने वाले सभी पर्यटन के घटक वर्तमान में भी विद्यमान हैं, जो घरेलू के साथ विदेशी पर्यटकों के भी आकर्षण का केन्द्र हैं और भारत के राष्ट्रीय आय का महत्वपूर्ण आधार है।
वर्तमान समय में पर्यटन विश्व का दूसरा सबसे बड़ा उद्योग बन चुका है। पर्यटन क्षेत्र से देश में 8.46 करोड़ से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होता है।
पर्यटन क्षेत्र भारत के सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 15.73 लाख करोड़ रुपये का योगदान देता है जो कुल अर्थव्यवस्था का करीब 5.22 प्रतिशत है।
अंतर्राष्ट्रीय और विदेशी पर्यटन से भारत को वर्ष 2025 में लगभग 31.69 बिलियन अमेरिकी डॉलर अर्थात लगभग 2.76 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा आय प्राप्त हुई है।
वर्ष 2024 के आंकड़ों के आधार पर भारत में कुल 2.05 करोड़ अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक पहुंचे, जो 2023 की तुलना में 8.9 प्रतिशत अधिक थे। इनमें लगभग 99.5 लाख विशुद्ध विदेशी नागरिक और करीब 1.06 करोड़ प्रवासी भारतीय थे।
घरेलू भारतीय पर्यटकों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है और धार्मिक पर्यटन में तेजी से उछाल आया है। किसी भी कारण से पर्यटन पर जाने वाले पर्यटक की विशेष पसंद बन गए हैं साहसिक खेल।
___
