मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 10 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

शिल्पग्राम मुक्ताकाशी रंगमंच की सर्द शामों में घुलेंगे सुर, शब्द और स्वाद के रंग

12 से 15 नवंबर तक ‘शरद रंग’ में स्मृतियों की धुनों से समकालीन फ्यूजन तक का सांस्कृतिक सफर

WAf𝕏TGin✉🖨
शिल्पग्राम मुक्ताकाशी रंगमंच की सर्द शामों में घुलेंगे सुर, शब्द और स्वाद के रंग

उदयपुर। दीपोत्सव की झिलमिलाहट के बाद अब झीलों की नगरी की सांस्कृतिक शामें शिल्पग्राम के खुले आकाश तले सजने जा रही हैं।

हवाला ग्राम स्थित शिल्पग्राम का मुक्ताकाशी रंगमंच 12 से 15 नवंबर तक ‘शरद रंग’ के बहुरंगी उत्सव का साक्षी बनेगा, जहां संगीत की मधुर लहरियां, कविता के शब्द, लोक-ताल की थाप और देशभर के स्वाद एक साथ वातावरण को रसपूर्ण बनाएंगे।चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन केवल मंचीय प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कला और जीवन-रस के बीच संवाद का एक सुंदर अवसर बनेगा।

प्रतिदिन सायं 6.30 बजे से शुरू होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में दर्शक कभी श्वेत-श्याम फिल्मों के सुनहरे दौर में लौटेंगे तो कभी कहरवा की लय पर आधुनिक संगीत के नए रंग महसूस करेंगे।केंद्र निदेशक अश्विन एम. दलवी ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ 12 नवंबर को निश एंटरटेनमेंट की ‘ब्लैक एंड व्हाइट संगीत संध्या’ से होगा।

पुराने हिंदी सिनेमा की यादगार धुनें, मधुर गीत और बीते दौर की संगीतात्मक संवेदनाएं इस शाम को विशेष बनाएंगी।

यह प्रस्तुति उन श्रोताओं के लिए एक सुखद यात्रा होगी, जिनकी स्मृतियों में रेडियो के गीत, ग्रामोफोन की धुनें और श्वेत-श्याम पर्दे की मोहक दुनिया आज भी जीवित है।अगली कड़ी में 13 नवंबर की शाम डॉ. विजय सिद्ध एवं दल ‘कहरवा फ्यूजन’ के माध्यम से भारतीय ताल, लोक-संगीत और समकालीन प्रयोगों का अनूठा मेल प्रस्तुत करेंगे।

सहज, चंचल और जन-जन से जुड़ी कहरवा ताल जब आधुनिक वाद्यों और नए संगीत-बोध से मिलेगी, तो शिल्पग्राम की रात एक अलग ही ऊर्जा से भर उठेगी।इसी दिन से 13 एवं 14 नवंबर को सुबह 10 बजे बंजारा मंच पर भारतीय पाक कलाओं पर दो दिवसीय चर्चा एवं संवाद सत्र भी आयोजित होगा।कार्यक्रम में 14 नवंबर की संध्या शब्दों, मुस्कानों और सामाजिक संवेदनाओं के नाम रहेगी।

प्रसिद्ध कवि अरुण जेमिनी एवं दल के कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, गीत और गंभीर सरोकारों की कविताएं श्रोताओं को गुदगुदाने के साथ सोचने के लिए भी प्रेरित करेंगी।समापन दिवस 15 नवंबर को हरप्रीत हसरत की ‘एम्ब्रेस बाय हसरत’ प्रस्तुति से संगीत का रंग और गहरा होगा।

उनकी भावपूर्ण गायकी युवाओं से लेकर वरिष्ठ संगीतप्रेमियों तक को आकर्षित करेगी।शिल्पग्राम में दोपहर 12 से रात्रि 10 बजे तक विभिन्न प्रांतों के व्यंजनों का स्वाद भी उपलब्ध रहेगा।

ऐसे में ‘शरद रंग’ उदयपुरवासियों और पर्यटकों के लिए कला, साहित्य, संगीत और स्वाद का यादगार सांस्कृतिक पड़ाव बनने जा रहा है।