मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 11 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

गौतम स्वामी ने अहंकार त्याग गुरु आज्ञा को माना सर्वोपरि, विनम्रता से प्रशस्त होता है मोक्ष का मार्ग : साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी

उदयपुर। खरतरगच्छ संघ, उदयपुर के वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में आध्यात्मिक चातुर्मास के अंतर्गत आयोजित प्रवचन श्रृंखला में विदुषी साध्वी गुरुवर्या डॉ.

WAf𝕏TGin✉🖨
गौतम स्वामी ने अहंकार त्याग गुरु आज्ञा को माना सर्वोपरि, विनम्रता से प्रशस्त होता है मोक्ष का मार्ग : साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी

उदयपुर। खरतरगच्छ संघ, उदयपुर के वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में आध्यात्मिक चातुर्मास के अंतर्गत आयोजित प्रवचन श्रृंखला में विदुषी साध्वी गुरुवर्या डॉ. श्री विद्युतप्रभा श्रीजी ने भगवान महावीर स्वामी के दिव्य वचनों और उनके परम शिष्य गौतम स्वामी के जीवन प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को अहंकार त्यागने तथा गुरु आज्ञा का पालन करने का संदेश दिया।

साध्वीश्री ने गौतम स्वामी के जीवन प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि इंद्रभूति गौतम प्रारंभ में भगवान महावीर स्वामी के प्रति प्रतिद्वंदिता का भाव रखते थे। वे भगवान को नीचा दिखाने की सोच लेकर उनके समवशरण पहुंचे थे, लेकिन वहां भगवान महावीर के दिव्य वचनों और आनंद श्रावक के प्रश्नोत्तर से उनके ज्ञान चक्षु खुल गए। उन्हें अपनी भूल का एहसास हुआ और यह समझ आया कि अहंकार नहीं, बल्कि विनम्रता ही सच्चे ज्ञान का आधार है।

साध्वीश्री ने बताया कि गौतम स्वामी ने बिना किसी संकोच के अपनी गलती स्वीकार की और ‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ कहकर क्षमाभाव अपनाया। उन्होंने गुरु आज्ञा को सर्वोपरि मानते हुए अपने अहंकार का त्याग कर दिया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि एक सद्विचार और सही मार्गदर्शन मनुष्य के जीवन को पूरी तरह बदल सकता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में परमात्मा के वचनों और गुरु की आज्ञा को सदैव शिरोधार्य करना चाहिए। अहंकार, द्वेष और प्रतिद्वंदिता को त्यागकर विनम्रता, श्रद्धा एवं समर्पण का भाव अपनाने से ही जीवन को मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर किया जा सकता है।

इस अवसर पर ट्रस्ट मंडल की ओर से आजाद नाहर एवं भंवर दोशी ने बाड़मेर कुशल वाटिका के श्रेष्ठिवर्य श्री अनुजी एवं रविन्द्रजी छाजेड़ का स्वागत एवं अभिनंदन किया।