उदयपुर। राजस्व अधिकारियों की बैठक जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिले में राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलक्टर श्री अग्रवाल ने गिरदावर सर्कल स्तर पर आयोजित जन सेवा शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की।
उन्होंने शिविरों में प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने की हिदायत दी।
बैठक में फसल गिरदावरी की प्रगति की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गिरदावरी का कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, यूडीए सचिव राजपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले के सभी उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े।पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्देशपंचायतीराज चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को नवगठित पंचायतों के मतदान केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों तक पहुंच मार्ग, अस्थायी स्ट्रांग रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर उन्हें समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अवैध खनन पर सतत निगरानी, प्रभावी कार्रवाई के निर्देशबैठक में अवैध खनन निगरानी समिति की बैठक भी आयोजित हुई।
कलेक्टर ने जिले में अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा उन्हें रोकने के लिए सतत कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
साथ ही खनन विभाग की ओर से उपखण्ड मजिस्ट्रेट को भेजे गए अवैध खनन संबंधी प्रकरणों को उपखण्ड न्यायालय में पंजीबद्ध करते हुए अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
खनि अभियंता आसिफ अहमद अंसारी ने विभागीय प्रगति की भी जानकारी दी।
