उदयपुर। ऐश्वर्या कॉलेज में रॉयल राजस्थान रोटरैक्ट युवा नेतृत्व पुरस्कार 2026 के अंतर्गत ‘रूपांगण’ सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया।
राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपरा, कला और राजसी विरासत से सजी इस शाम में देश-विदेश से आए युवाओं ने राजस्थान की संस्कृति को करीब से महसूस किया।रोटरैक्ट क्लब ऑफ ऐश्वर्या कॉलेज की ओर से रोटरैक्ट जिला 3141 मुंबई-महाराष्ट्र एवं रोटरैक्ट जिला 3056 राजस्थान के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में मुंबई और उदयपुर सहित विभिन्न स्थानों से करीब 160 रोटरैक्टर्स ने भाग लिया।
अमेरिका और ब्राजील से आए रोटरैक्टर्स की सहभागिता ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय रंग प्रदान किया।‘रूपांगण’ में राजस्थानी परिधान, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और फैशन वॉक आकर्षण का केंद्र रहे।
लोक एवं समकालीन नृत्य, लाइव संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की विविध लोक परंपराओं और इतिहास को जीवंत किया गया।होस्ट क्लब की अध्यक्ष हर्षा मारवाल एवं सचिव नितिशा महावर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राजस्थान की संस्कृति से जोड़ने के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना था।जिला रोटरैक्ट प्रतिनिधि ऐश्वर्या सिंह ने कहा कि ‘रूपांगण’ ने राजस्थान को केवल पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि लोककथाओं, परंपराओं और जनजीवन से जुड़ी जीवंत संस्कृति के रूप में समझने का अवसर दिया।देश-विदेश के रोटरैक्टर्स की सहभागिता से कार्यक्रम में मित्रता, सहयोग और सांस्कृतिक एकता का संदेश मजबूत हुआ।
‘रूपांगण’ ने युवा ऊर्जा और राजस्थान की गौरवशाली विरासत को एक मंच पर लाकर एक यादगार सांस्कृतिक संध्या का रूप ले लिया।
