कोलकाता, पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा के बाद कोलकाता भाजपा में उत्साह है। कोलकाता के वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यसभा के प्रबल दावेदार कुलदीप माइती ने इस अभियान को बंगाल में परिवर्तन की शुरुआत बताया है।
पत्रकारों से बातचीत में कुलदीप माइती ने कहा कि यह अभियान 17 सितंबर, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान पूरे बंगाल, विशेषकर कोलकाता महानगर में सेवा ही संगठन के मंत्र पर कई कार्यक्रम होंगे।
कुलदीप माइती ने बताया की “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने दिखाया है कि सत्ता सेवा का माध्यम है, मेवा का नहीं। दूसरी तरफ कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे की सरकार ने सेवा की जगह तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। आज बंगाल का युवा बेरोजगार है, जबकि TMC नेता घोटालों में लिप्त हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “शुभेंदु दा के नेतृत्व में हम इस सेवा अभियान को कोलकाता के हर वार्ड, हर बूथ तक ले जाएंगे। हमारे कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण, गरीब बस्तियों में अन्न वितरण और मुफ्त स्वास्थ्य शिविर शामिल होंगे।”
माइती ने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के सामने दो मॉडल पेश करने का अवसर है - एक मोदी जी का सेवा मॉडल और दूसरा ममता जी का विनाश मॉडल। कोलकाता की जनता अब सेवा की राजनीति चाहती है।
अंत में उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से इस अभियान में पूरे समर्पण से जुटने की अपील की।
