मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 17 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Business News

आबकारी आयुक्त के निर्देशन में अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी

प्रदेश में 1 लाख 19 हजार लीटर वॉश नष्ट, 126 गिरफ्तार

मुख्य बिंदु
  • विशेष निरोधात्मक अभियानउदयपुर, आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर रोकथाम के लिए 14 से 30 सितंबर तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है।
  • अभियान के तहत प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी है।
  • इस दौरान वॉश, हथकड़ मदिरा तथा अन्य राज्यों की मदिरा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई है।
  • अवैध मदिरा के कारोबार में 126 गिरफ्तारअभियान के तहत 16 सितंबर 2026 तक प्रदेश में विभिन्न कार्रवाई के दौरान 361 अभियोग दर्ज किए गए हैं।
  • कार्रवाई में 2 लाख 60 हजार 841 रुपये मूल्य की 967 लीटर देशी मदिरा, 66 लाख 55 हजार 180 रुपये मूल्य की 6,655 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL) और 68 हजार 960 रुपये मूल्य की 319 लीटर बीयर जब्त की गई।
  • इसके अलावा 2,396 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई।
WAf𝕏TGin🖨
आबकारी आयुक्त के निर्देशन में अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी
1 / 3

विशेष निरोधात्मक अभियान


उदयपुर,  आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर रोकथाम के लिए 14 से 30 सितंबर तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी है। इस दौरान वॉश, हथकड़ मदिरा तथा अन्य राज्यों की मदिरा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई है।

अवैध मदिरा के कारोबार में 126 गिरफ्तार

अभियान के तहत 16 सितंबर 2026 तक प्रदेश में विभिन्न कार्रवाई के दौरान 361 अभियोग दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई में 2 लाख 60 हजार 841 रुपये मूल्य की 967 लीटर देशी मदिरा, 66 लाख 55 हजार 180 रुपये मूल्य की 6,655 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL) और 68 हजार 960 रुपये मूल्य की 319 लीटर बीयर जब्त की गई।

इसके अलावा 2,396 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान 1 लाख 19 हजार 90 लीटर वॉश नष्ट किया गया। अभियान में एक बड़े वाहन और 15 दुपहिया वाहनों सहित कुल 16 वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 126 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

कई जिलों में अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

भीलवाड़ा के आसींद-बनेड़ा फोर्ट के दुर्गम क्षेत्र में आबकारी दल ने 4,800 लीटर वॉश नष्ट करते हुए एक मदिरा भट्टी को नष्ट किया तथा 35 लीटर हथकड़ शराब बरामद की। शाहपुरा में 1,000 लीटर वॉश नष्ट कर 6 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।

भरतपुर में आबकारी टीम ने रेलवे पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 37 बोतलें जब्त कीं। इनमें 5 बोतलें ‘फॉर सेल इन हरियाणा’ अंकित थीं। मामले में अभियोग दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

चूरू के राजगढ़ में आबकारी दल ने हरियाणा में बिक्री के लिए अंकित 72 बोतल माल्टा देशी मदिरा जब्त की। एक अन्य कार्रवाई में 290 पव्वे देशी मदिरा भी जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया।

अजमेर शहर में 48 पव्वे देशी मदिरा जब्त किए गए, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 1,000 लीटर वॉश और चार भट्टियां नष्ट की गईं। ब्यावर में एक पुरानी भट्टी और 200 लीटर वॉश तथा नसीराबाद में 200 लीटर वॉश नष्ट किया गया। किशनगढ़, जैतारण और केकड़ी में होटल एवं ढाबों की सघन जांच की गई।

श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में अवैध मदिरा परिवहन के मामले में एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। रायसिंहनगर में 10 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त करते हुए 1,200 लीटर वॉश और तीन भट्टियां नष्ट की गईं।

नागौर के मेड़ता में 150 लीटर वॉश नष्ट कर 74 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। परबतसर में 300 लीटर वॉश नष्ट कर 15 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। डीडवाना में 5 लीटर हथकड़ मदिरा और नावां में 21 पव्वे देशी मदिरा जब्त कर अभियोग दर्ज किए गए।

प्रदेशभर में जीरो टॉलरेंस की नीति

आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की जा रही है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दलों द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।