श्रीगंगानगर। जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में 20 सितंबर को राजकीय महाराजा गंगासिंह स्टेडियम श्रीगंगानगर के खेल मैदान में जिला स्तरीय इंटर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता 16 वर्ष और 14 वर्ष वर्ग के लड़के-लड़कियों के लिए होगी और सुबह सात बजे शुरू होगी।संघ के सचिव परविंदरजीतसिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।
इन दस्तावेजों के बिना किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में भाग नहीं लेने दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय इंटर जिला जूनियर प्रतियोगिता में भाग लेंगे।उन्होंने बताया कि इंट्री 19 सितंबर 6 तक करानी होगी।
खिलाड़ी व्यक्तिगत रूप से संघ कार्यालय पहुंचकर निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा करवा सकते हैं और अपने इवेंट की एंट्री करवाने के बाद चेस्ट नंबर प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा ऑनलाइन इंट्री भी की जा सकती है, जिसके लिए कुलदीप राठौड़ कोच से संपर्क किया जा सकता है। अंडर-16 वर्ष वर्ग के लिए जन्म तिथि 17 नवंबर 2010 से 16 नवंबर 2012 तक निर्धारित की गई है।
इस वर्ग में 60 मीटर, 80 मीटर हर्डल, 600 मीटर, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉट पुट और जैवलिन थ्रो के साथ पेंटाथलॉन का आयोजन किया जाएगा। अंडर-14 वर्ष वर्ग के लिए जन्म तिथि 17 नवंबर 2012 से 16 नवंबर 2014 तक है।
इस वर्ग में ट्रायथलॉन की तीन श्रेणियां और किड्स जैवलिन थ्रो शामिल हैं। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार चांडक और कोषाध्यक्ष कुलदीपसिंह के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी ने जिले के युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने का प्रयास शुरू कर दिया है।
सचिव ने सभी स्कूलों, कोचों और अभिभावकों से समय पर इंट्री करवाने की अपील की है।
