उदयपुर। उदयपुर कैटरिंग डीलर्स समिति एवं हलवाई एसोसिएशन, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में रेलवे ग्राउंड, ठोकर चौराहा, उदयपुर में आयोजित दो दिवसीय मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता “यू.सी.डी.एस. क्रिकेट कप” का आज रंगारंग और उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन रोमांचक सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए, जिन्हें देखने के लिए खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मैदान पर मौजूद रही।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद बन्दवाल ने बताया कि टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला मेवाड़ टाइगर्स और साहू सुपर किंग के बीच बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए साहू सुपर किंग ने निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 65 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेवाड़ टाइगर्स की टीम ने लखन सुथार की शानदार और तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत मात्र 7 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और यू.सी.डी.एस. क्रिकेट कप की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि साहू सुपर किंग उपविजेता रही।
टूर्नामेंट के संयोजक सुरेश गुर्जर ओर नरेश वैष्णव ने बताया कि समापन समारोह में अतिथियों और पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उदयपुर कैटरिंग डीलर्स समिति के अध्यक्ष कमल गुर्जर, मेवाड़ हलवाई कैटरर्स संगठन के भूपेंद्र शर्मा, केटरिंग डीलर्स समिति के वरिष्ठ संरक्षक विपिन मारवाड़ी, महासंघ के पदाधिकारी तुलसीराम बापू, खेल मंत्री हेमेंद्र शर्मा, वरिष्ठ सदस्य महेंद्र तलेसरा तथा पूर्व अध्यक्ष दिलीप सुराणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने सभी विजेता, उपविजेता टीमों और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया, साथ ही प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मोमेंटो प्रदान किए गए।
खेल मंत्री हेमेंद्र शर्मा और धर्मपाल शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन व्यक्तिगत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।
फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच नरेंद्र गायरी रहे, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखते हुए टूर्नामेंट के 'मैन ऑफ द सीरीज' का खिताब भी अपने नाम किया।
इसके अलावा, आज के मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नरेंद्र गायरी, भरत नागदा और कमलेश माली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए कमलेश माली को बेस्ट बॉलर तथा बेहतरीन फील्डिंग के लिए हेमेंद्र शर्मा को बेस्ट फील्डर के खिताब से नवाजा गया।
दो दिनों तक चले इस खेल आयोजन से उदयपुर के कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों और खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
