श्रीगंगानगर। अग्रोहा विकास ट्रस्ट द्वारा 28वां प्रतिभा सम्मान समारोह 1 नवंबर को भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित अग्रवाल भवन में होगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश जैन ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि रिद्धि-सिद्धि डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मुकेश शाह और सुरेंद्र डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर गौरव गुप्ता होंगे।कार्यक्रम में अग्रोहा समाज की 170 से अधिक युवा प्रतिभाओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले महानुभावों को सम्मानित किया जाएगा।
महामंत्री नानक जैन ने बताया कि दसवीं कक्षा के 55 और बारहवीं कक्षा के 62 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इनमें दसवीं और बारहवीं में प्रथम तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 16 विद्यार्थी भी शामिल हैं।इसके अलावा 9 चार्टर्ड अकाउंटेंट, चार डॉक्टर, सरकारी सेवाओं में चयनित 5 युवा, पीएचडी की डिग्री हासिल करने वाले 7 युवा, 3 इंजीनियर और विधि स्नातक की डिग्री प्राप्त करने वाले एक विद्यार्थी को भी सम्मानित किया जाएगा।
पांच खेलकूद प्रतिभाओं और हाल ही संपन्न हुए नगर परिषद चुनाव में निर्वाचित अग्र समाज के तीन पार्षदों को भी सम्मानित किया जाएगा। सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले महानुभावों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र लोहिया ने बताया कि समारोह में स्वागत की जिम्मेदारी डॉ. सुरेंद्र जिंदल, डॉ. ओ.पी. गोयल, सुभाष गोयल, चंद्रेश गोयल, डॉ. हरीश कंसल, डॉ. विनोद गुप्ता, हरीश अग्रवाल, नवनीत सिंगल और अंकित मित्तल संभालेंगे।
कोषाध्यक्ष रमेश गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए विशेष बैठक व्यवस्था के साथ चाय और अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई है।
डॉ. सुरेंद्र जिंदल ने अग्रोहा समाज के अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी व सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी लगन से जुटे हुए हैं।
यह समारोह न केवल युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि समाज में शिक्षा, खेल और सामाजिक योगदान के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार करेगा।