मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

श्री चित्रगुप्त सभा माथुर समाज का सामूहिक करवा चौथ उद्यापन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न

सात महिलाओं ने विधि-विधान से किया उद्यापन, समाजजनों ने लिया धार्मिक आयोजन का लाभ

WAf𝕏TGin✉🖨
श्री चित्रगुप्त सभा माथुर समाज का सामूहिक करवा चौथ उद्यापन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न

उदयपुर। श्री चित्रगुप्त सभा माथुर समाज की ओर से सेक्टर-4 स्थित समाज भवन में सामूहिक करवा चौथ उद्यापन का आयोजन बड़ी श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर समाज की सात महिलाओं ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार करवा चौथ का उद्यापन किया।

उद्यापन के दौरान महिलाओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान एवं चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित किया तथा अपने सुहाग की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

उद्यापन करने वाली महिलाओं में सुनीता (रविन्द्र), रीना (रघुनाथ), संतोष जी (विष्णु ), नीरू जी (चंद्रेश ), नीलिमा (महेंद्र ), प्रियंका (प्रतीक ) एवं दीपिका (आशीष ) शामिल थीं।

समाज अध्यक्ष भुवनेश्वर माथुर ने बताया कि समाज की ओर से समय-समय पर इस प्रकार के सामूहिक धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है, जिससे समाज की महिलाओं को सामूहिक रूप से उद्यापन करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों में समाज की महिलाओं एवं महिला प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

समाज की सामाजिक एवं सांस्कृतिक सचिव योगिता माथुर ने उद्यापनकर्ता महिलाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की तथा आयोजन को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाया।

कार्यक्रम के पश्चात उद्यापनकर्ता महिलाओं की ओर से समाजजनों के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी सदस्यों ने पारिवारिक आत्मीयता एवं सौहार्द के साथ सहभागिता की।

इस अवसर पर समाज की कार्यकारिणी एवं मनोनीत सदस्यों ने आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।