उदयपुर। हलवाई व्यापार कल्याण संस्था (रजिस्टर्ड) उदयपुर राजस्थान की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। नई कार्यकारिणी में संस्थापक अध्यक्ष के रूप में हरिश कुमार भट्ट, महासचिव मुकेश माधवानी, कोषाध्यक्ष राकेश दया, उपाध्यक्ष देवसिंह सिसोदिया सहित सदस्य के रूप में प्रकाश भट्ट, रतनदास एवं बालाजी अन्ना को जिम्मेदारी दी गई है।
संस्थापक अध्यक्ष हरिश कुमार भट्ट ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य हलवाई व्यापार से जुड़े व्यवसायियों के हितों के लिए कार्य करना और उन्हें एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना है। संस्था द्वारा व्यापारियों के कल्याण के साथ-साथ समाजहित में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
महासचिव मुकेश माधवानी ने बताया कि संस्था आने वाले समय में लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में भी जागरूकता और आवश्यक प्रयास करेगी। हलवाई व्यापार से जुड़े व्यवसायियों को स्वच्छता, गुणवत्ता और बेहतर खाद्य सामग्री के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कोषाध्यक्ष राकेश दया ने बताया कि आगामी दिनों में संस्था की ओर से पौधारोपण सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपाध्यक्ष देवसिंह सिसोदिया ने बताया कि संस्था व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज और शहर के लिए सकारात्मक कार्य करने का प्रयास करेगी।
