उदयपुर, राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के तत्वावधान में ओपेरा गार्डन एंड बैंक्वेट में चल रही तीन दिवसीय उदयपुर टेंट क्रिकेट लीग (यूटीसीएल)-4 में शनिवार को रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी रहा।
मैदान पर बल्लेबाजों के चौकों-छक्कों के साथ गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दिन के मुकाबलों में अप्सरा एवेंजर्स, राजकमल सुपर किंग्स, नसीब गोल्डन ईगल, तिरूपति रॉयल चैलेंजर्स और सिंघल राइजिंग स्टार ने जीत दर्ज कर अगले चरण की दौड़ को रोमांचक बना दिया।
समिति अध्यक्ष सुधीर चावत ने बताया कि पहले मुकाबले में अप्सरा एवेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 109 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कमल थंडर बोल्ट्स की टीम 101 रन तक ही पहुंच सकी। अप्सरा एवेंजर्स ने 8 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
दूसरे मुकाबले में राजकमल सुपर किंग्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नसीब गोल्डन ईगल को 56 रन पर रोक दिया। 101 रन के लक्ष्य के सामने नसीब गोल्डन ईगल की टीम दबाव में नजर आई और राजकमल सुपर किंग्स ने 45 रन से जीत दर्ज की।
इसके बाद नसीब गोल्डन ईगल ने वापसी करते हुए खोखावत पावर हिटर्स के 54 रन के स्कोर को महज 5 ओवर में हासिल कर मुकाबला जीत लिया। वहीं तिरूपति रॉयल चैलेंजर्स ने 8 ओवर में 79 रन बनाए। जवाब में सजावट नाइट राइडर्स की टीम 71 रन ही बना सकी और तिरूपति रॉयल चैलेंजर्स ने जीत दर्ज की।
दिन के अंतिम मुकाबले में खोखावत पावर हिटर्स ने 68 रन बनाए। सिंघल राइजिंग स्टार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 5 ओवर में 70 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महामंत्री कमलेश पोखरना ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर सभी प्रायोजकों एवं सहयोगकर्ताओं को समिति की ओर से सम्मानित किया गया। सचिव भूपेंद्र जैन ने बताया कि शनिवार रात सात मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें से प्रदर्शन के आधार पर चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। आयोजन को सफल बनाने में महेंद्र जैन, रमेश माली, महेश प्रजापत, सुनील पोरवाल, अनिल वैद और लवकुमार आमेटा का विशेष सहयोग रहा।
