उदयपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले सड़क सुरक्षा और भाई-बहन के भावनात्मक रिश्ते को जोड़ते हुए शहर में एक अनूठी एवं मार्मिक पहल की गई।
आधार फाउंडेशन एवं रेयान इंटरनेशनल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में सीए सर्किल पर आम वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान वाहन चालकों की कलाई पर हेलमेट लगी राखी बांधकर उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।अभियान के दौरान राह चलते वाहन चालकों रोककर राखी बांधी गई।
राखी बांधते हुए संदेश दिया गया “भैया, मेरी राखी के बंधन को निभाना, रोड सेफ्टी रूल्स को अपनाना।” इसके साथ ही वाहन चालकों से संकल्प कराया गया कि वे कभी भी बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन नहीं चलाएंगे।
बच्चों ने वाहन चालकों को भावनात्मक संदेश देते हुए कहा कि घर पर बहन, भाई और पूरा परिवार उनके सुरक्षित लौटने का इंतजार करता है। ऐसे में सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही न केवल चालक बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।
हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे छोटे-छोटे सुरक्षा उपाय जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आधार फाउंडेशन के नारायण चौधरी ने बताया कि इस दौरान करीब 80 लोगों को राखी बांधकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
यह अभिनव पहल पिछले तीन वर्षों से लगातार की जा रही है। हर वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर राखी के भावनात्मक बंधन को सड़क सुरक्षा से जोड़कर आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अभियान से जुड़ने वाले अनेक नागरिकों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया।अभियान में सुरक्षित यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करने के लिए हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले लोगों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
ऐसे वाहन चालकों को ट्रॉफी खिलाकर और मुंह मीठा कराकर सम्मानित किया गया।
