मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

उदयपुर में दीपावली मेला 28 अक्टूबर से, पलक मुच्छल और गौरव गुप्ता होंगे मुख्य आकर्षण

उदयपुर, नगर निगम उदयपुर का 15 दिवसीय दीपावली मेला 28 अक्टूबर से शुरू होगा। मेले का उद्घाटन बुधवार शाम 7:30 बजे राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी करेंगे।

WAf𝕏TGin✉🖨
उदयपुर में दीपावली मेला 28 अक्टूबर से, पलक मुच्छल और गौरव गुप्ता होंगे मुख्य आकर्षण

उदयपुर, नगर निगम उदयपुर का 15 दिवसीय दीपावली मेला 28 अक्टूबर से शुरू होगा। मेले का उद्घाटन बुधवार शाम 7:30 बजे राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी करेंगे। इस अवसर पर अस्थल आश्रम के मेवाड़ महामंडलेश्वर रासबिहारी शरण का सानिध्य रहेगा। सांस्कृतिक संध्याएं 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक होंगी, जबकि दुकानें और झूले 11 नवंबर तक संचालित रहेंगे।

दिनवार सांस्कृतिक कार्यक्रम

  • 28 अक्टूबर: भजन गायिका अनामिका अंबर और छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियां।

  • 29 अक्टूबर: रेपरिया बालम बैंड और फकीरा खान फोक बैंड का कार्यक्रम।

  • 30 अक्टूबर: बॉलीवुड पार्श्व गायिका पलक मुच्छल की संगीतमय प्रस्तुति।

  • 31 अक्टूबर: उदयपुर के स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम।

  • 1 नवंबर: स्टैंडअप कॉमेडी नाइट में हास्य कलाकार गौरव गुप्ता दर्शकों को गुदगुदाएंगे।

  • 2 नवंबर: स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।

  • 3 नवंबर: बंडर सीमेंट के सहयोग से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें शैलेश लोढ़ा, अजातशत्रु सहित अन्य कवि काव्य पाठ करेंगे।

  • मेले की आय और आयोजन की तैयारियां

    महापौर पारस सिंघवी के अनुसार, मेले में दुकानों से 1 करोड़ 1 लाख 11 हजार रुपये तथा झूलों से 85 लाख 11 हजार रुपये की आय हुई है। आयोजन के व्यवस्थित संचालन के लिए 21 समितियां गठित की गई हैं।

    पार्किंग व्यवस्था

    मेले में आने वाले शहरवासियों की सुविधा के लिए टाउनहॉल की नवनिर्मित पार्किंग, श्रमजीवी कॉलेज और आरसीए लिंक रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। निगम ने आवागमन सुचारू रखने और दर्शकों को असुविधा से बचाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

    सुरक्षा और अन्य सुविधाएं

    आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिए पुलिस, होमगार्ड, सुरक्षा गार्ड और महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशाल मंच, दर्शक दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और मीडिया कवरेज के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

    आगंतुकों के लिए नियमित सफाई, जगह-जगह कचरा पात्र, पेयजल और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए समारोह स्थल पर एम्बुलेंस भी तैनात रहेगी। फायर ब्रिगेड की आवाजाही के लिए प्रवेश द्वारों को पर्याप्त ऊंचाई का बनाया गया है।

    नगर निगम के अनुसार, मेले में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। दुकानें, खानपान के स्टॉल और झूले 11 नवंबर तक शहरवासियों के मनोरंजन और खरीदारी के लिए उपलब्ध रहेंगे।