उदयपुर। एम.बी. कॉलेज पूर्व छात्र परिषद द्वारा अपने 16वें स्थापना दिवस के अवसर पर घोषित 'अति वरिष्ठ सम्मान' से सम्मानित किए जाने वाले तीन वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थियों को परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मानित किया।
महासचिव शांतिलाल भंडारी ने बताया कि इस सम्मान से विभूषित होने वालों में 93 वर्षीय श्री कैलाश जी मेघवाल, 93 वर्षीय डॉ. यू.सी. जैन तथा 96 वर्षीय श्री लक्ष्मण जी मेघवाल शामिल हैं। परिषद के सदस्यों ने तीनों वरिष्ठजनों के निवास पर पहुंचकर उनका सम्मान किया और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
अध्यक्ष प्रो महीप भटनागर ने कहा कि एम.बी. कॉलेज पूर्व छात्र परिषद का यह सम्मान केवल आयु का अभिनंदन नहीं, बल्कि उन वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थियों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है, जिन्होंने अपने जीवन के अनुभवों, कार्यों और उपलब्धियों से समाज को समृद्ध किया है। ऐसे वरिष्ठजन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका सान्निध्य, जीवनानुभव और मार्गदर्शन समाज की अमूल्य धरोहर है।
मीडिया प्रभारी प्रोफ़ेसर विमल शर्मा ने कहा कि परिषद की इस पहल का उद्देश्य अपने गौरवशाली अतीत से जुड़े वरिष्ठ पूर्व विद्यार्थियों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और सामाजिक सरोकारों की भावना को सुदृढ़ करना है। विशेष रूप से उनके निवास पर जाकर सम्मान प्रदान करना परिषद की संवेदनशीलता और वरिष्ठजनों के प्रति आदर भाव को दर्शाता है।
इस अवसर पर श्री शांतिलाल भंडारी, डॉ. महीप भटनागर, डॉ. आर.के. गर्ग , इंजीनियर राजेंद्र जी खोखावत सहित के नेतृत्व में कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
