मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 20 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

पंचायत समिति मोहनगढ़ में समिति स्तरीय जन सेवा शिविर का आयोजन हुआ

शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर किया निस्तारण, मिली राहत

WAf𝕏TGin🖨
पंचायत समिति मोहनगढ़ में समिति स्तरीय जन सेवा शिविर का आयोजन हुआ

जैसलमेर । जन सेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ करने, विभिन्न जन-कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी को ग्राम स्तर तक पहुंचाने तथा विकसित भारत/विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने में आमजन, किसानों, महिलाओं, युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले की पंचायत समिति मोहनगढ़ में पंचायत स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 22 विभागों की सहभागिता रही एवं विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों का मौके पर निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की।

शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी पंचायत समिति मोहनगढ़ कैलाश दान ने बताया कि पंचायत समिति स्तरीय शिविर में विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग में संचालित विभिन्न जन -कल्याणकारी योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दी एवं पात्र लोगों के आवेदन पत्र मौके पर तैयार करवाये गए।

विकास अधिकारी ने बताया कि शिविर में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत 5 शोचालयों की स्वीकृति की गयी इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की 7 द्वितीय किस्त एवं 16 तृतीय किस्त जारी की गयी।

इसके साथ ही पेयजल विभाग द्वारा 6 प्रकरणों का निस्तारण किया गया वहीं 4 पाइप लाइन लीकेज सही किये गए। चिकित्सा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 बच्चों का टीकाकरण किया गया वहीं 28 टीबी के रोगियों की स्क्रीनिंग की गयी एवं 2 पोषण किट वितरित किये गये।

पशुपालन विभाग द्वारा 200 बड़े पशुओं एवं 600 छोटे पशुओं का उपचार किया गया। इसके साथ ही 2550 कृमिनाशक औषधि पशुओं को पिलाई गयी एवं 11 पशु पालकों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी वितरित की जाकर उनके पशुओं को बीमा कवर प्रदान किये गए।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पालनहार योजना में 1 आवेदन पत्र तैयार करवाया गया।

पंचायत समिति सम में शिविर आज विकसित भारत जन सेवा अभियान विशेष शिविर कार्यक्रम के अनुसार सोमवार, 21 सितम्बर को प्रातः 9ः30 बजे से सांय 6 बजे तक पंचायत समिति सम में पंचायत समिति स्तरीय शिविर रखा गया है।

विकास अधिकारी पंचायत समिति किशनसिंह ने समिति के ग्राम पंचायत क्षेत्रों के लोगों से आह्वान किया कि वे शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं को रखें ताकि विभागीय अधिकारियों द्वारा उनका मौके पर निस्तारण किया जा सके।

इसके साथ ही पंचायत समिति फतेहगढ़ में सोमवार को प्री-कैम्प भी रखा गया है।