उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में 9वीं एन.एल. पंडियार मेमोरियल लेकसिटी इंटरनेशनल फिडे रेटिंग ओपन शतरंज टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।
25 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भारत के 22 राज्यों सहित दो देशों के 500 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में कुल 16 लाख 1 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दांव पर है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजस्थान राज्य शतरंज संघ के सचिव विनेश शर्मा, महासचिव देवीलाल सालवी, सीआईएल के संरक्षक तुषार मेहता, अध्यक्ष राजीव भारद्वाज, इंटरनेशनल आर्बिटर राजेंद्र तेली, मुख्य निर्णायक आईए सुनील सोनी, टूर्नामेंट आयोजक आईए विकास साहू, उप मुख्य निर्णायक आईए नीलेश कुमावत तथा आईए वरुण कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
पहली चाल चलकर किया प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि गजपाल सिंह राठौड़ एवं राजस्थान राज्य शतरंज संघ के सचिव विनेश शर्मा ने शतरंज की बिसात पर पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने देशभर से उदयपुर पहुंचे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवा एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 9 चक्र खेले जाएंगे। पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए अनुभवी खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में युवा और उभरती शतरंज प्रतिभाएं भी हिस्सा ले रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की रेटिंग वाली इस प्रतियोगिता में प्रत्येक चक्र में खिलाड़ियों के बीच रणनीति, धैर्य और सटीक चालों का रोमांच देखने को मिल रहा है।पहले चक्र में बड़ा उलटफेर प्रतियोगिता के पहले चक्र में ही कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
पहले दौर का सबसे बड़ा उलटफेर तीसरी वरीयता प्राप्त मणिपुर के खिलाड़ी विक्रमजीत सिंह (2148 रेटिंग) की हार के रूप में सामने आया। उन्हें बिहार के साकेत कुमार (1508 रेटिंग) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पराजित कर दिया।
कम रेटिंग वाले खिलाड़ी द्वारा वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को हराने से प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में ही मुकाबलों की प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हालांकि, अन्य प्रमुख वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की।
इनमें छत्तीसगढ़ के एफएम एस. धनंजय, महाराष्ट्र के एफएम वेदांत नागरकट्टे, तेलंगाना के एफएम विनय कुमार मट्टा, उत्तर प्रदेश के श्रेयांश सिंह, महाराष्ट्र के ओम नाथ लामकाने, पंजाब के एफएम राम प्रकाश, तेलंगाना के राहुल मयनाला, महाराष्ट्र के आयुष कबरा, पंजाब के नरेन गुप्ता तथा महाराष्ट्र के आदित्य सावळकर प्रमुख रहे।
आगामी चक्रों में बढ़ेगा रोमांच टूर्नामेंट आयोजक आईए विकास साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आए अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाएं भी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।
पहले चक्र में हुए उलटफेर से प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में और अधिक रोमांच की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को अपनी शतरंज प्रतिभा, रणनीतिक कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के आगामी चक्रों में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों और उभरते हुए खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता का अगला प्रमुख चक्र 26 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे खेला जाएगा।
उदयपुर में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग प्रतियोगिता न केवल देशभर के खिलाड़ियों को एक मंच पर ला रही है, बल्कि झीलों की नगरी को शतरंज के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर भी प्रमुखता से स्थापित कर रही है।