मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 14 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

बच्चे मन के सच्चे, छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है: प्रशांत अग्रवाल

उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने सेवातीर्थ स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम

WAf𝕏TGin✉🖨
बच्चे मन के सच्चे, छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है: प्रशांत अग्रवाल

उदयपुर। नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने सेवातीर्थ स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम में कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अच्छी शिक्षा, संस्कार और समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। बच्चों में सेवा, संवेदना और मानवता के संस्कार विकसित करना भी जरूरी है।

अग्रवाल ने कहा कि बाल दिवस के साथ आज लाभ पंचमी, जैन परंपरा की ज्ञान पंचमी और छठ महापर्व का खरना भी है। छठ केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आत्मसंयम और समानता का संदेश देता है। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर यह पर्व जीवन के प्रत्येक चरण के प्रति सम्मान का भाव सिखाता है।

उन्होंने सूर्यपुत्र कर्ण की कथा के माध्यम से दानशीलता और वचनबद्धता, भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब की कथा से सूर्य उपासना एवं आरोग्य तथा पांडवों को प्राप्त अक्षय पात्र की कथा से सेवा और परोपकार का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि भूखे को भोजन कराना, जरूरतमंद की सहायता करना और दुखी के प्रति करुणा रखना ही वास्तविक ईश्वर सेवा है। सच्चा धर्म जाति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को प्राथमिकता देना है।

कार्यक्रम में संस्थान से लाभान्वित दिव्यांगजनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान से मिली सहायता और जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में बताया। उनके परिजनों ने भी कथा का श्रवण किया।

अग्रवाल ने कहा कि परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन मनुष्य को सेवा, सत्कर्म और परोपकार का मार्ग कभी नहीं छोड़ना चाहिए। बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण से लेकर जरूरतमंदों की सहायता तक समाज की सहभागिता ही मानवीय मूल्यों को मजबूत बनाती है।