उदयपुर। त्योहारी सीजन से पहले उदयपुर में ऑटोमोबाइल का रोमांच चरम पर पहुंच गया है।
फील्ड क्लब में शनिवार से शुरू हुए दो दिवसीय ‘रफ्तार 3.0’ ऑटो एक्सपो के पहले ही दिन शहरवासियों की बड़ी भीड़ उमड़ी।
चमचमाती नई कारें, दमदार बाइक्स, अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन, हेरिटेज एवं विंटेज कारों की शान के साथ गेमिंग और फूड जोन ने एक्सपो को पूरे परिवार के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया।उदयपुर लेकसिटी राउंड टेबल 206,पीआईएमएस मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सहयोग से आयोजित एक्सपो का शुभारंभ उत्साह और उमंग के माहौल में हुआ।
पीआईएमएस मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल एक्सपो का शीर्ष प्रायोजक है।देश-विदेश के प्रमुख ऑटो ब्रांड एक मंच पर‘रफ्तार 3.0’ में देश-विदेश के प्रमुख ऑटोमोबाइल ब्रांड्स ने अपने वाहनों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया है।
चार पहिया वाहनों की श्रेणी में टोयोटा, बीएमडब्ल्यू, विनफास्ट, मारुति, फॉक्सवैगन, किया, एमजी और बीवाईडी जैसे प्रमुख ब्रांड लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।वहीं, बाइक प्रेमियों के लिए भी एक्सपो में खासा रोमांच देखने को मिल रहा है।
हार्ले-डेविडसन, होंडा, हीरो, केटीएम, ट्रायम्फ और सुजुकी जैसे प्रमुख दोपहिया ब्रांड्स ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देते हुए एम्पीयर सहित विभिन्न इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को भी प्रदर्शित किया गया है।1904 से 1955 तक की विंटेज कारों ने मोहा मनएक्सपो का सबसे खास आकर्षण पुरानी और हेरिटेज कारें बनी हुई हैं।
1904 से 1955 तक के दौर की विंटेज कारों को यहां प्रदर्शित किया गया है, जिन्हें देखने के लिए वाहन प्रेमियों की भीड़ जुट रही है।विशेष रूप से रोल्स-रॉयल और डेसोटो डिप्लोमेट जैसी क्लासिक कारों ने लोगों का ध्यान खींचा।
बताया गया कि रोल्स-रॉयल की प्रदर्शित कार 1925 के दौर की है, जबकि डेसोटो डिप्लोमेट 1955 में सड़कों की शान हुआ करती थी। इन कारों का निर्माण उस दौर में यूनाइटेड किंगडम और जापान में हुआ था।इन विंटेज कारों को आज भी सहेजकर रखना आसान नहीं है।
इनमें तकनीकी खराबी आने पर विशेषज्ञ मिस्त्री आसानी से उपलब्ध नहीं होते और कई बार उन्हें बाहर से बुलाना पड़ता है। वहीं, पुराने मॉडल के स्पेयर पार्ट्स भी आसानी से उपलब्ध नहीं होते।
किसी पार्ट के खराब होने पर उसे विदेश से मंगवाना पड़ सकता है।इन कारों की ईंधन खपत भी आधुनिक वाहनों की तुलना में काफी अधिक है। यही वजह है कि आज इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से विशेष आयोजनों, खासकर वेडिंग और प्री-वेडिंग शूट में किया जाता है।
उदयपुर में प्री-वेडिंग या वेडिंग के लिए आने वाली सेलिब्रिटी और बड़े कारोबारी परिवारों के बीच विंटेज कारों की विशेष मांग रहती है।त्योहारी खरीदारी से पहले एक जगह कई विकल्पत्योहारी सीजन में वाहन खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए ‘रफ्तार 3.0’ एक ही स्थान पर कई विकल्प उपलब्ध करा रहा है।
ग्राहक विभिन्न ब्रांड्स की कारों और बाइकों को करीब से देखने के साथ उनके फीचर्स, तकनीक, डिजाइन और सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं।
कई वाहनों पर उपलब्ध विशेष ऑफर और डील्स भी संभावित खरीदारों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।‘रफ्तार’ अब सिर्फ ऑटो एक्सपो नहींराउंड टेबल के चेयरमैन मोहित सिंघवी ने बताया कि ‘रफ्तार’ अब केवल ऑटो एक्सपो तक सीमित नहीं रहा है।
यह ऑटोमोबाइल, मनोरंजन, परिवार और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ने वाला आयोजन बन चुका है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष लोगों की भागीदारी पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक देखने को मिल रही है।सचिव दीपक जोधावत ने बताया कि एक्सपो में प्रमुख वाहन ब्रांड्स की मौजूदगी के साथ लोगों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया है।बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी के लिए खास आकर्षणएक्सपो में ऑटोमोबाइल की दुनिया के साथ मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम किया गया है।
गेमिंग जोन, फूड जोन और बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ एक्सपो पहुंच रहे हैं और वाहनों के साथ मनोरंजन का भी आनंद ले रहे हैं।कुल मिलाकर, ‘रफ्तार 3.0’ में नई कारों की चमक, दमदार बाइक्स का रोमांच, इलेक्ट्रिक वाहनों की आधुनिक तकनीक, विंटेज कारों की ऐतिहासिक शान और मनोरंजन का संगम देखने को मिल रहा है।
त्योहारी सीजन से पहले आयोजित यह ऑटो एक्सपो उदयपुर में वाहन प्रेमियों और संभावित खरीदारों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
