उदयपुर, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के 83वें जन्मदिवस पर उदयपुर के सूक्ष्मकृति निर्माता डॉ. चंद्रप्रकाश चित्तौड़ा ने उन्हें 83 फीट लंबी सचित्र पट्टिका भेंट की। इस पट्टिका में कटारिया के 50 वर्षीय राजनीतिक जीवन और उनकी उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से संजोया गया है।
बोहरा गणेश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कटारिया ने डॉ. चित्तौड़ा को सूक्ष्मकृतियों के निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने चित्तौड़ा को हाल ही में प्राप्त ‘जीनियस बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ का प्रमाणपत्र भी भेंट किया।
जन्मदिन के अवसर पर तैयार की गई यह लंबी सचित्र पट्टिका डॉ. चित्तौड़ा की कला और रचनात्मकता का अनूठा उदाहरण है। इसमें कटारिया के पांच दशक लंबे राजनीतिक सफर और सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है।
