उदयपुर। 26.8.2026 । नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच उदयपुर के खांजीपीर और ऐतिहासिक आयड़ क्षेत्र को लेकर भाजपा विधायक ताराचंद जैन के विवादित बयान को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष के.के.शर्मा ने इस बयान की कडे शब्दो निन्दा करते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान की भावना पर प्रहार बताया है।
के.के. शर्मा ने कहा कि भाजपा के पास आगामी निगम चुनाव में उदयपुर शहर के विकास या बुनियादी समस्याओं पर बात करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। आगामी नगर निगम चुनाव में अपनी हार सामने देखकर भाजपा बुरी तरह बौखला गई है।
विकास और जनसमस्याओं के नाम पर शून्य साबित हो चुकी भाजपा अब केवल धर्म और इलाकों के नाम पर शहर की जनता को बांटने का काम कर रही है। शर्मा ने कड़े शब्दों में कहा, ‘आयड़ हमारी हजारों साल पुरानी मेवाड़ सभ्यता की पहचान और गौरव है।
अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए शहर के पवित्र इलाकों पर ’मिनी पाकिस्तान‘ का ठप्पा लगाना न केवल शर्मनाक है, बल्कि हर उदयपुरवासी और पूरे मेवाड़ का घोर अपमान है।’
श्री शर्मा ने आरोप लगाया कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, भाजपा नेता सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न करने और हिंदू-मुस्लिम के नाम पर ध्रुवीकरण करने का काम शुरू कर देते हैं, उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का काम शहर की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करना, बुनियादी ढांचा सुधारना और सभी वर्गों को साथ लेकर चलना होता है, न कि अपने ही शहर के नागरिकों और इलाकों को इस तरह अपमानित करना।
श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि उदयपुर की जनता बेहद समझदार है और वह भाजपा के इस सांप्रदायिक एजेंडे को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले नगर निगम चुनाव में शहर की जनता आपसी सौहार्द, विकास और संविधान की रक्षा के पक्ष में मतदान कर भाजपा की इस बंटवारे वाली सोच को करारा जवाब देगी।