उदयपुर। गांधी जयंती के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्र-प्रथम, उदयपुर द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रज्ञा चक्षु, अम्बामाता (ब्लाइंड स्कूल) में विशेष पहल की गई।इस अवसर पर विद्यालय के दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सीखने की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न उपयोगी सामग्री एवं संसाधन उपलब्ध कराए गए।
एसबीआई की ओर से विद्यालय को 110 ब्रेल प्लेट्स, 110 टेलर फ्रेम सेट, हिंदी एवं अंग्रेजी अल्फाबेट सेट, 3 अलमारियां तथा कक्षाओं के लिए 15 स्पीकर्स एवं माइक सहित 1 पीए सिस्टम प्रदान किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक एम. जी. ब्यास तथा विशिष्ट अतिथि एसबीआई प्रबंधक धर्मवीर भाटिया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतुल भारद्वाज, योगेश अग्रवाल सहित एसबीआई के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य श्रीचंद जीवनानी सहित समस्त स्टाफगण उपस्थित रहे।एसबीआई की टीम ने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें बेसिक बैंकिंग सुविधाओं तथा एनपीएस वात्सल्य जैसी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी।
टीम ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ वित्तीय जागरूकता के महत्व से अवगत कराया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।
एसबीआई की इस पहल का उद्देश्य समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं में सहयोग करना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।विद्यालय प्रशासन एवं अधिकारियों ने भारतीय स्टेट बैंक की इस सीएसआर पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं सराहनीय कदम बताया।
