श्रीगंगानगर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत गुरूवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में मतदाता जागरूकता रैली एवं रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सादुलशहर, पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अनूपगढ़, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अनूपगढ़, भारत मॉडल स्कूल रायसिंहनगर, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय श्रीकरणपुर, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पदमपुर सहित सूरतगढ़ एवं घड़साना ब्लॉक में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया।जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व की जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने ‘‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो’’ एवं ‘‘वोट हमारा अधिकार है, कभी न इसे गंवाना है’’ जैसे नारों के माध्यम से मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया।
विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक रंगोलियां भी बनाई गईं। रंगोलियों के माध्यम से ‘‘मतदान अवश्य करें’’, ‘‘एक वोट, लोकतंत्र की मजबूत नींव’’ सहित विभिन्न संदेश देकर मतदाताओं को जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों ने अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने तथा निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
